June 30, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

डिजिटल युग की ओर बढ़ा भाजपा बरपाली मंडल, संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का लिया संकल्प

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*  बरपाली। भारतीय जनता पार्टी बरपाली मंडल द्वारा समरसता भवन में आयोजित डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण वर्ग उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आधुनिक डिजिटल तकनीक से जोड़ते हुए संगठनात्मक कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और बूथ स्तर तक सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर डिजिटल माध्यमों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण वर्ग में मंडल प्रभारी बलराम विश्वकर्मा एवं प्रकाश अग्रवाल ने डिजिटल युग में संगठन की बदलती कार्यशैली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज तकनीक संगठन की सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिकाधिक उपयोग कर जनसंपर्क, संगठन विस्तार और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समय के साथ स्वयं को निरंतर आधुनिक तकनीक से जोड़ रही है। डिजिटल माध्यमों के जरिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से डिजिटल रूप से सक्रिय होकर संगठन की योजनाओं और अभियानों को घर-घर तक पहुंचाने का आग्रह किया।
प्रदेश सदस्य किशन अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रदीप पटेल, बलराम वैष्णव एवं मयूर पारीक ने संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए कार्यकर्ताओं से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा संगठन विस्तार में पूरी सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण प्रभारी संजू वैष्णव ने कार्यकर्ताओं को ‘सरल ऐप’ के माध्यम से डिजिटल प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ऐप डाउनलोड करने की प्रक्रिया, पंजीयन, लॉगिन, प्रशिक्षण मॉड्यूल, डिजिटल उपस्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों में सहभागिता तथा विभिन्न ऑनलाइन सुविधाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि सरल ऐप संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए प्रशिक्षण सामग्री, कार्यक्रमों की जानकारी और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ना बेहद आसान हो गया है।
प्रशिक्षण वर्ग में मंडल महामंत्री सुख सिंह, मगर चंद, विकास अग्रवाल, जीडी मिश्रा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष रीना सिदार, पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष रामकुमार मोहित मैत्री, रामलाल जायसवाल, बद्री प्रसाद, धनंजय विझवार सहित मंडल, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने डिजिटल तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, जनसेवा को गति देने तथा भाजपा की विचारधारा को डिजिटल माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.