August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कटघोरा को जिला बनाने की मांग ने पकड़ी रफ्तार, 6 जुलाई को निकलेगी विशाल बाइक रैली; जनआंदोलन की होगी शुरुआत

1 min read

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**/कटघोरा। कटघोरा को पृथक जिला घोषित किए जाने की लंबे समय से चली आ रही मांग अब निर्णायक चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है। इस मांग को लेकर स्थानीय अधिवक्ताओं ने आंदोलन का बिगुल फूंकते हुए आगामी 6 जुलाई (सोमवार) को शहर में विशाल बाइक रैली निकालने का निर्णय लिया है। रैली के माध्यम से शासन का ध्यान क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग की ओर आकर्षित किया जाएगा तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम कटघोरा को सौंपा जाएगा।
इसी संबंध में अधिवक्ता संघ कटघोरा के तत्वावधान में अधिवक्ता कक्ष क्रमांक-01 में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संघ के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक में कटघोरा को जिला बनाए जाने की आवश्यकता, प्रशासनिक दृष्टि से इसकी उपयोगिता तथा क्षेत्रीय विकास की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित अधिवक्ताओं ने एकमत से कहा कि कटघोरा भौगोलिक, प्रशासनिक, जनसंख्या तथा आधारभूत सुविधाओं सहित जिला बनने के सभी आवश्यक मापदंडों को पूरा करता है। इसके बावजूद अब तक जिला घोषित नहीं किया जाना क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षाओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि जिला बनने से प्रशासनिक सेवाएं आम नागरिकों तक अधिक तेजी से पहुंचेंगी, विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सर्वसम्मति से तय किया गया कि 6 जुलाई (सोमवार) को निकाली जाने वाली विशाल बाइक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। रैली के समापन पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम कटघोरा को सौंपकर कटघोरा को पृथक जिला घोषित करने की मांग दोहराई जाएगी।

अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल अधिवक्ताओं तक सीमित नहीं रहेगा। बाइक रैली के बाद क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, युवा संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ व्यापक बैठकें आयोजित कर आंदोलन को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए साझा रणनीति तैयार कर चरणबद्ध तरीके से आगे की रूपरेखा तय की जाएगी।
अधिवक्ताओं का कहना है कि कटघोरा को जिला बनाना क्षेत्र की जनता का अधिकार है और यह मांग किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास, प्रशासनिक सुगमता और जनहित से जुड़ा विषय है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 6 जुलाई को आयोजित होने वाली विशाल बाइक रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस जनहित की मांग को मजबूती प्रदान करें।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.