24 जून को गांव की सरकार करेगी बड़े फैसले: ग्राम सभा में पहुंचें, अपने अधिकारों की आवाज बनें — मनोज झा



प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से लेकर विकास कार्यों तक होंगे महत्वपूर्ण निर्णय, ग्रामीणों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार आगामी 24 जून को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। यह ग्राम सभा ग्रामीण विकास, जनकल्याण और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी, जहां गांव के भविष्य से जुड़े अनेक अहम निर्णय लिए जाएंगे।
विशेष ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के आधार पर तैयार हितग्राहियों की सूची का सार्वजनिक वाचन, सत्यापन एवं अनुमोदन किया जाएगा। ग्राम सभा के समक्ष सिस्टम द्वारा जनरेट की गई स्थायी प्रतीक्षा सूची प्रस्तुत की जाएगी, ताकि ग्रामीण स्वयं इसकी जांच कर सकें। यदि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल है अथवा किसी पात्र परिवार का नाम छूट गया है, तो ग्रामीण मौके पर ही अपनी दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। ग्राम सभा द्वारा अनुमोदित अंतिम सूची को आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बैठक में पंचायतों के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया जाएगा तथा पूर्व में पारित प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा भी की जाएगी। साथ ही पंचायत की परिसंपत्तियों के रखरखाव, नए विकास कार्यों की प्राथमिकताओं, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय आवश्यकताओं से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
इसके अलावा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), मजदूरी भुगतान व्यवस्था, बेरोजगारी भत्ता, आजीविका संवर्धन एवं ग्रामीण विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस संबंध में करतला जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष मनोज झा ने क्षेत्र के सभी ग्रामीणों से विशेष ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की सबसे मजबूत और प्रभावी इकाई है, जहां गांव के विकास, जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े निर्णय लिए जाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का इसमें सहभागिता करना आवश्यक है।
मनोज झा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, इसके लिए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत जरूरी है। उन्होंने कहा कि “ग्राम सभा केवल एक बैठक नहीं, बल्कि गांव के भविष्य की दिशा तय करने वाला लोकतांत्रिक मंच है। जनभागीदारी जितनी मजबूत होगी, विकास उतना ही पारदर्शी, प्रभावी और जनहितकारी होगा।”
उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे 24 जून को आयोजित विशेष ग्राम सभा में अनिवार्य रूप से शामिल होकर अपने अधिकारों का उपयोग करें तथा अपने गांव के विकास में सक्रिय भागीदार बनें।


