August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा को मिली विकास की नई रफ्तार: चाँपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन के लिए 755 करोड़ की मंजूरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने जताया आभार

1 min read

 

रेल नेटवर्क होगा और मजबूत, उद्योग, व्यापार व यात्री सुविधाओं को मिलेगा बड़ा लाभ; प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को मिल रही लगातार विकास परियोजनाएं
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*  रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक और ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्र सरकार ने बहुप्रतीक्षित चाँपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना के लिए 755 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया है।
किरण देव ने कहा कि केंद्र सरकार का यह फैसला केवल एक रेल परियोजना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के औद्योगिक, आर्थिक और परिवहन विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार छत्तीसगढ़ के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े फैसले ले रही है, जिसका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है।
ऊर्जा राजधानी को मिलेगा मजबूत रेल नेटवर्क
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोरबा देश के प्रमुख ऊर्जा उत्पादन केंद्रों में शामिल है और छत्तीसगढ़ की औद्योगिक राजधानी के रूप में अपनी अलग पहचान रखता है। यहां से देश के विभिन्न हिस्सों तक कोयला, बिजली उत्पादन से जुड़ी सामग्री तथा अन्य औद्योगिक उत्पादों का परिवहन बड़े पैमाने पर होता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में चाँपा-कोरबा रेल मार्ग पर मालगाड़ियों का अत्यधिक दबाव है, जिसके कारण यात्री ट्रेनों के संचालन पर भी प्रभाव पड़ता है। तीसरी रेल लाइन बनने से इस समस्या का स्थायी समाधान होगा और रेल यातायात अधिक सुगम एवं व्यवस्थित हो सकेगा।
उद्योगों को मिलेगा विस्तार, बढ़ेंगे निवेश के अवसर
किरण देव ने कहा कि नई रेल लाइन के निर्माण से कोयला परिवहन की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। बिजली संयंत्रों और भारी उद्योगों तक कच्चा माल तेजी से पहुंचेगा, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और उद्योगों को विस्तार का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी के कारण नए निवेशकों का भरोसा भी बढ़ेगा और कोरबा सहित पूरे क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
यात्रियों को भी मिलेगा सीधा लाभ
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तीसरी लाइन बनने के बाद यात्री ट्रेनों के संचालन में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। ट्रेनों के आउटर पर लंबे समय तक रुकने की समस्या कम होगी, समयबद्ध संचालन सुनिश्चित होगा और भविष्य में नई यात्री ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी खुलेगा।
उन्होंने कहा कि रेल मार्ग की क्षमता बढ़ने से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और समय पर यात्रा का लाभ मिलेगा। साथ ही मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों के संचालन में बेहतर संतुलन स्थापित हो सकेगा।
विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
किरण देव ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ को लगातार बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिल रही है। सड़क, रेल, ऊर्जा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रही हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चाँपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य को गति प्रदान करेगी।
क्षेत्रवासियों में उत्साह
परियोजना की स्वीकृति की खबर सामने आने के बाद कोरबा और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। उद्योग जगत, व्यापारिक संगठनों और आम नागरिकों ने इसे क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए केंद्र सरकार के निर्णय का स्वागत किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में कोरबा को देश के सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक केंद्रों में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.