हैदराबाद इन्वेस्टर कनेक्ट में छत्तीसगढ़ को बड़ी सफलता, 9,500 करोड़ से अधिक निवेश के एमओयू हुए हस्ताक्षरित



नीति आयोग में छत्तीसगढ़ के नवाचारों की सराहना, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निवेशकों के सामने रखी नई औद्योगिक नीति
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य को निवेश और विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। हैदराबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति को देश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम स्वरूप 9,500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश संबंधी एमओयू संपादित हुए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित एनडीए की बैठक में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनादेश प्राप्त कर निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक कार्य करने का कीर्तिमान स्थापित करने पर छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
उन्होंने कहा कि 11 जून को आयोजित नीति आयोग की बैठक में देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्री तथा केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल शामिल हुए। इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ सरकार को राज्य में किए जा रहे नवाचारों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उत्कृष्ट विकासात्मक प्रयोगों को प्रस्तुत करने का अवसर मिला, जिसे व्यापक सराहना प्राप्त हुई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हैदराबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, सीआईआई तथा विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों, औद्योगिक संभावनाओं और आधारभूत संरचनाओं की जानकारी निवेशकों को दी गई। कार्यक्रम के दौरान 9,500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी, जो राज्य में रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि निवेशकों की बढ़ती रुचि और सरकार की उद्योग समर्थक नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।


