जेसीआई कोरबा सेंट्रल की अनोखी पहल : पाम मॉल में दिया गया जीवन बचाने का प्रशिक्षण



सीपीआर अवेयरनेस एंड ट्रेनिंग कार्यक्रम में युवाओं और नागरिकों ने सीखी आपातकालीन सहायता की तकनीक
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। समाज सेवा और जनजागरूकता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा जिफ़सा इंस्टीट्यूट के सहयोग से पाम मॉल कोरबा में “सीपीआर अवेयरनेस एंड ट्रेनिंग” कार्यक्रम का प्रभावी आयोजन किया गया। इस जनहितकारी पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) जैसी जीवन रक्षक तकनीक के प्रति जागरूक करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक सहायता देने के लिए प्रशिक्षित करना था।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि हृदयाघात या अचानक बेहोशी जैसी स्थिति में समय पर दिया गया सीपीआर किसी व्यक्ति की जान बचा सकता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसकी मूलभूत जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पदमाकर शिंदे, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर (हेल्थ), डॉ. प्रिंस जैन, डॉ. आकांक्षा जैन एवं अनिल अग्रवाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने जेसीआई कोरबा सेंट्रल की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि कई बार एम्बुलेंस या डॉक्टर के पहुंचने से पहले शुरुआती कुछ मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं और यदि आसपास मौजूद व्यक्ति सीपीआर तकनीक जानता हो तो एक अनमोल जीवन बचाया जा सकता है।
डॉ. प्रिंस जैन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोगों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सही समय पर दी गई सहायता दोनों मिलकर गंभीर परिस्थितियों में जीवन रक्षक साबित हो सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिफ्सा इंस्टीट्यूट के सर्टिफाइड फर्स्ट एड ट्रेनर अभिषेक मसीह ने प्रतिभागियों को डमी मॉडल (मैनिक्विन) पर सीपीआर की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को चेस्ट कंप्रेशन, रेस्क्यू ब्रीदिंग, इमरजेंसी रिस्पॉन्स और मरीज की स्थिति पहचानने की तकनीकों की विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों ने स्वयं अभ्यास कर इस महत्वपूर्ण कौशल को सीखा।
इसके साथ ही मॉल परिसर में आम नागरिकों के बीच सीपीआर जागरूकता से संबंधित जानकारीपूर्ण पैम्फलेट भी वितरित किए गए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संदेश पहुंच सके और समाज में हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा मिल सके।
जेसीआई कोरबा सेंट्रल के अध्यक्ष जेसी सीए त्रिलोकी नाथ बजाज ने युवाओं से समाज सेवा और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जेसीआई केवल नेतृत्व निर्माण का मंच नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम भी है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जेसी प्रियम अग्रवाल, जेसी सीए आशीष अग्रवाल, जेसी उत्कर्ष अग्रवाल, जेसी बहाउद्दीन अहमद, जेसी नितिन सबरवाल, जेसी शिव अग्रवाल, जेसी सुरेश चावलानी, जेसी पूर्णिमा सोनी, जेसी सीए अभिषेक अग्रवाल, जेसी प्रवेश अग्रवाल, जेसी ज्योति बाला, जेसी आयुष अग्रवाल, जेसी अंश अग्रवाल, जेसी हर्ष गुप्ता, जेसी सीए अंकित अग्रवाल, जेसी कपिल विश्वकर्मा, जेसी मोहित सिंघल, जेसी नितेश मोदी, जेसी सीए पलाश रेलवानी, जेसी हेमंत अग्रवाल, जेसी राहुल सिंघल, जेसी ऋषभ अग्रवाल, जेसी संभव अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में जेसी प्रियम अग्रवाल ने सभी अतिथियों, जिफ्सा इंस्टीट्यूट, पाम मॉल प्रबंधन, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा बल्कि लोगों को आपातकालीन स्थिति में जीवन बचाने की महत्वपूर्ण कला भी सिखा गया।


