August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“राहुल गांधी का बयान राजनीतिक दिवालियापन का प्रतीक” — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का तीखा हमला

1 min read

 

प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ ‘गद्दार’ शब्द पर भड़की भाजपा, कहा — यह 140 करोड़ देशवासियों का अपमान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के खिलाफ कथित रूप से “गद्दार” जैसे शब्दों के प्रयोग पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कड़ा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने इसे कांग्रेस की हताशा, राजनीतिक दिवालियापन और संकुचित मानसिकता का प्रतीक बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने की निराशा ने कांग्रेस पार्टी को लोकतांत्रिक मर्यादाओं की सीमाएं लांघने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि जिस नेतृत्व ने आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौतियों का मजबूती से सामना करते हुए देश की सुरक्षा को नई ताकत दी और भारत को विश्व मंच पर सशक्त पहचान दिलाई, उसी लोकतांत्रिक रूप से चुने गए नेतृत्व के खिलाफ इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी बेहद निंदनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जैसे संवैधानिक पदों की गरिमा पूरे राष्ट्र की प्रतिष्ठा से जुड़ी होती है। राजनीतिक विरोध के नाम पर अशोभनीय और अपमानजनक भाषा का प्रयोग कांग्रेस की गिरती राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बयान उनकी राजनीतिक परिपक्वता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
श्री साय ने कांग्रेस पर लोकतंत्र विरोधी मानसिकता अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की जागरूक जनता इस प्रकार की गैर-जिम्मेदाराना राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के विश्वास को लगातार खोती जा रही है और इसी हताशा में उसके नेता मर्यादा विहीन बयानबाजी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी कांग्रेस के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे देश और लोकतंत्र का अपमान बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.