“आत्मनिर्भर बनेंगी बेटियां” — भारत विकास परिषद शक्ति स्वरूपा इकाई ने शुरू की निःशुल्क ब्यूटी पार्लर और सिलाई प्रशिक्षण पहल



BPL वर्ग की बालिकाओं को मिलेगा हुनर और रोजगार का अवसर, 1 जून से शुरू होंगी निःशुल्क क्लासेस
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// कोरबा। समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए भारत विकास परिषद की शक्ति स्वरूपा इकाई ने बीपीएल वर्ग की बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क ब्यूटी पार्लर कोर्स एवं सिलाई प्रशिक्षण प्रारंभ करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
इस संबंध में शक्ति स्वरूपा इकाई की एक आवश्यक बैठक इकाई की संरक्षिका श्रीमती मधु पाण्डेय के निवास पर आयोजित की गई। बैठक में सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जरूरतमंद बालिकाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं बीपीएल वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण और सिलाई प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें।
इकाई की पदाधिकारियों ने कहा कि आज के समय में कौशल आधारित प्रशिक्षण महिलाओं और युवतियों के लिए रोजगार का बड़ा माध्यम बन चुका है। ऐसे में जरूरतमंद बालिकाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मविश्वास और रोजगार के अवसर प्रदान करना संस्था का उद्देश्य है।
बैठक में बताया गया कि यह निःशुल्क प्रशिक्षण कक्षाएं आगामी 1 जून से प्रारंभ की जाएंगी। प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को ब्यूटी पार्लर कार्यों की आधुनिक तकनीकों के साथ सिलाई-कढ़ाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
इस अवसर पर इकाई की अध्यक्ष पदमिनी साहू, सचिव अनिमा प्रसाद, संरक्षिका मधु पाण्डेय, भारती अरोरा, पूर्णिमा सोनी, सिमरन कौर, मीना पुरी एवं ज्योति जुनेजा उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने इस सेवा कार्य को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसे सफल बनाने का संकल्प लिया।
भारत विकास परिषद शक्ति स्वरूपा इकाई की इस पहल को महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद बालिकाओं को नई दिशा और बेहतर भविष्य का अवसर मिलेगा।


