May 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“विकसित भारत के संकल्प के साथ भाजपा का शक्ति प्रदर्शन” — प्रदेश कार्यसमिति बैठक में गूंजा राष्ट्रवाद, सुशासन और संगठन का मंत्र

 

 

शिवप्रकाश बोले — “वैभवपूर्ण और आर्थिक रूप से समृद्ध भारत निर्माण ही भाजपा का लक्ष्य”, मुख्यमंत्री साय ने गिनाईं डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति बैठक बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, विकसित भारत के संकल्प, नक्सल उन्मूलन, सुशासन, राष्ट्रवाद और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर व्यापक मंथन हुआ।
बैठक का शुभारंभ राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जम्वाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन साय, केंद्रीय मंत्री श्री तोखन साहू तथा उपमुख्यमंत्री द्वय श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
“सांस्कृतिक राष्ट्रवाद ही भाजपा की आत्मा” — शिवप्रकाश
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश ने अपने मार्गदर्शन में कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने वाला आंदोलन है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की कर्मभूमि पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत वैचारिक विजय का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि असम सहित अन्य राज्यों में मिली सफलता भाजपा की जनस्वीकृति को दर्शाती है। भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि भारत को वैभवशाली, आर्थिक रूप से समृद्ध और सांस्कृतिक रूप से गौरवशाली राष्ट्र बनाना है।
श्री शिवप्रकाश ने कहा कि कार्यकर्ता की संवेदनशीलता ही संगठन की असली ताकत होती है और समरस समाज के निर्माण के लिए भाजपा लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतवासियों में सांस्कृतिक गौरव का भाव जागृत करना भाजपा की राजनीतिक यात्रा का मूल उद्देश्य है।

 

 

“मोदी की गारंटी ने जीता जनता का विश्वास” — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर पार्टी के जनाधार को लगातार विस्तार देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत और असम-पुडुचेरी में शानदार प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ के प्रवासी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निरंतर प्रयासों से यह अभियान निर्णायक सफलता तक पहुंचा।
उन्होंने कहा कि सरकार केवल नक्सलवाद समाप्त करने तक सीमित नहीं रही, बल्कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचाना भी सरकार की प्राथमिकता रही। “नियद नेल्लानार योजना” के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई गईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत किए गए हर वादे को पूरा कर प्रदेश सरकार ने जनता का अटूट विश्वास अर्जित किया है।
“भाजपा कार्यकर्ता 365 दिन सक्रिय रहता है” — किरण देव
प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण देव ने संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता चुनावी मौसम का नहीं बल्कि 365 दिन सक्रिय रहने वाला कार्यकर्ता होता है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में 54 सीटों पर मिली ऐतिहासिक जीत के बाद लोकसभा चुनाव में झूठे नैरेटिव के बावजूद भाजपा ने प्रदेश की 11 में से 10 सीटों पर विजय हासिल की।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने मोदी की गारंटी को जमीन पर उतारकर सुशासन की सार्थकता सिद्ध की है। श्री देव ने कहा कि ओडिशा में भी छत्तीसगढ़ मॉडल के आधार पर भाजपा ने शानदार सफलता अर्जित की।
“कार्यकर्ता ही संगठन की नींव” — अजय जम्वाल
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जम्वाल ने संगठन कौशल, प्रशिक्षण और कार्यकर्ता विकास पर अपने प्रबोधन में कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होता है।
उन्होंने आगामी जिला प्रशिक्षण वर्गों को अनुशासित, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि वरिष्ठ पदाधिकारी रात्रि विश्राम कर कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करें ताकि नई पीढ़ी स्पष्ट वैचारिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ सके।
“राष्ट्र प्रथम हमारी सर्वोच्च विचारधारा” — तोखन साहू
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि भाजपा की निरंतर प्रगति उसकी लक्ष्यनिष्ठ वैचारिक प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम की भावना सर्वोपरि है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आज विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में स्थापित हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रदेश सरकार प्रभावी ढंग से जमीन पर उतार रही है, जिसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
“संगठन की कार्ययोजना से हर कार्यकर्ता जुड़े” — पवन साय
प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन साय ने संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कहा कि सतत प्रवास, निगरानी और सक्रियता से संगठन की शक्ति और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने नगरीय निकाय, पंचायत, जनपद चुनावों और उपचुनावों को ध्यान में रखते हुए अभी से रणनीतिक तैयारी पर जोर दिया।
राजनीतिक और नक्सल उन्मूलन प्रस्ताव भी पारित
बैठक में शोक प्रस्ताव प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जगन्नाथ पाणिग्रही ने प्रस्तुत किया। वहीं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा एवं महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने किया।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने नक्सल उन्मूलन प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन वन एवं सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी ने किया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र का संचालन प्रदेश महामंत्री श्री अखिलेश सोनी तथा द्वितीय सत्र का संचालन प्रदेश महामंत्री श्री यशवंत जैन ने किया। अंत में प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने आभार प्रदर्शन किया।
प्रदेशभर से पहुंचे भाजपा कार्यसमिति सदस्यों की मौजूदगी में बैठक राष्ट्रवाद, संगठनात्मक ऊर्जा और विकसित भारत के संकल्प के साथ संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.