February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

महाशिवरात्रि पर कोरबा में साक्षात शिव-तत्त्व का अवतरण नागा सन्यासी परम पूज्य श्री दिगम्बर अखिलेश पुरी महाराज का दिव्य आगमन, 12 से 16 फरवरी तक पंचदिवसीय लघु रूद्र यज्ञ का भव्य आयोजन

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** कोरबा महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कोरबा नगर निगम आवासीय परिसर स्थित श्री श्री 108 श्री महामृत्युंजय श्री शिव मंदिर में आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम होने जा रहा है। पंचायती अखाड़ा दशनाम नागा संन्यासी श्री निरंजनी मायापुरी हरिद्वार (शाखा प्रयागराज) से पधारे भगवान स्वरूप परम पूज्य श्री दिगम्बर अखिलेश पुरी महाराज का दिव्य आगमन मंदिर परिसर में हुआ है। यह आगमन समस्त क्षेत्र के लिए सौभाग्य और परम पुण्य का विषय माना जा रहा है।
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर समस्त दुःखों के निवारण एवं लोककल्याण की भावना से महाराज जी का धुना मंदिर परिसर में प्रज्वलित है। यह इस मंदिर के इतिहास में एक अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है कि यहाँ 43वाँ लघु रूद्र यज्ञ एवं रुद्राभिषेक का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें पंचायती अखाड़ा दशनाम नागा संन्यासी श्री निरंजनी के तत्वदर्शी नागा संन्यासियों का उनके शिष्यों सहित आगमन हुआ है।
नागा सन्यासी: वैराग्य की जीवित ज्वाला, शिव-तत्त्व की चेतना
नागा सन्यासी सनातन परंपरा की वह जीवित धारा हैं जो वस्त्र, मोह और भय से परे दिगंबर स्वरूप में शिव-तत्त्व को जीते हैं। भस्म से लिप्त देह, जटाओं में तप की गूंज, कठोर साधना और निर्भीक वैराग्य—नागा संन्यासी संन्यास की चरम अवस्था का प्रतीक माने जाते हैं।
कहा जाता है—जहाँ शिव का स्मरण होता है, वहीं नागा सन्यासी की उपस्थिति अनुभूत होती है। श्मशान की राख हो या हिमालय की गुफाएँ—नागा संन्यासी हर उस स्थल पर खड़ा होता है जहाँ अहंकार जलता है और आत्मा जागती है।
12 फरवरी से 16 फरवरी तक पंचदिवसीय लघु रूद्र यज्ञ
महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर मंदिर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पंचदिवसीय लघु रूद्र यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ दिनांक 12 फरवरी 2026 (गुरुवार) को होगा, जबकि पूर्णाहुति 16 फरवरी 2026 को संपन्न होगी।
इस आयोजन में कॉलोनीवासियों एवं शिवभक्तों का विशेष सहयोग एवं सहभागिता रहती है, जिससे संपूर्ण वातावरण शिवमय हो उठता है।
परंपरा का गौरव: तीसरी पीढ़ी कर रही मंदिर सेवा
मंदिर के वर्तमान पुरोहित श्री नागेश्वर पुरी हैं, जो मंदिर के प्रथम पुरोहित ब्रह्मलीन श्री प्रहलाद पुरी गोस्वामी जी की तीसरी पीढ़ी के रूप में सेवा कार्य का निर्वहन कर रहे हैं।
इस पावन अनुष्ठान के श्री यज्ञाचार्य श्री नागेंद्र पाण्डेय जी (बनारस वाले) होंगे, जिनके आचार्यत्व में रूद्राभिषेक एवं यज्ञ विधिवत संपन्न होगा।
सपरिवार पधारकर पुण्यलाभ लेने का आग्रह
आयोजन समिति एवं मंदिर प्रबंधन द्वारा समस्त शिवभक्तों एवं नगरवासियों से निवेदन किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार पधारकर रूद्र यज्ञ, रुद्राभिषेक एवं नागा संन्यासियों के सान्निध्य का पुण्यलाभ प्राप्त करें।
पूजा स्थल:
श्री श्री 108 श्री महामृत्युंजय श्री शिव मंदिर
नगर निगम आवासीय परिसर, कोरबा (छत्तीसगढ़)
संपर्क: +91 79742 50158

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.