February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

*मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में सुशासन और अंत्योदय का संकल्प हो रहा सिद्ध : देव*

 

 

*भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा : छत्तीसगढ़ ने रचा इतिहास, 10 माह में 5 लाख पीएम आवास बनाकर स्थापित किया राष्ट्रीय कीर्तिमान*

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**रायपुर।* भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने छत्तीसगढ़ की प्रदेश भाजपा सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मात्र 10 माह 4 दिनों की अल्पावधि में 5 लाख आवासों का निर्माण पूर्ण कर देश में सर्वाधिक आवास बनाने का राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित करने पर राज्य सरकार को बधाई दी है। श्री देव ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रभावी नेतृत्व की बड़ी उपलब्धि बताया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने औसतन 1600 से अधिक आवास प्रतिदिन बनाकर देश में एक नई मिसाल कायम की है। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि योजना के प्रारंभ से अब तक पहली बार छत्तीसगढ़ ने किसी एक वित्तीय वर्ष में इतनी बड़ी संख्या में गरीबों के सिर पर छत सुनिश्चित की है। यह राज्य सरकार की स्पष्ट नीति, प्रशासनिक समन्वय और जमीनी स्तर पर समर्पित कर्मचारियों की मेहनत का सुखद परिणाम है। श्री देव ने प्रधानमंत्री आवास योजना में जिलों और जनपदों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए बताया कि बिलासपुर जिले में 29,235 आवास, महासमुंद जिले में 27,224 आवास, बलरामपुर जिले में 27,012 आवास, कोरबा जिले में 26,839 आवास और रायगढ़ जिले में 26,707 आवास बनाए गए, वहीं मस्तूरी, आरंग, डभरा, बिल्हा, पाली और जैजैपुर जैसी जनपद पंचायतों का उल्लेखनीय योगदान भी प्रशंसनीय रहा, जहाँ प्रत्येक ने 7,500 से अधिक आवासों का निर्माण पूरा किया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने इस उपलब्धि को गरीबों का सम्मान और समावेशी विकास का प्रतिबिम्ब बताया और कहा कि भाजपा सरकार के लिए प्रधानमंत्री आवास केवल ईंट-पत्थर का ढाँचा नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार है। मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में सरकार ने आवास निर्माण को आजीविका, कौशल प्रशिक्षण और महिला सशक्तीकरण से जोड़कर इसे समग्र विकास का माध्यम बनाया है। श्री देव ने कहा कि यह कीर्तिमान छत्तीसगढ़ की सुशासन आधारित विकास नीति की सफलता को दर्शाता है। पिछली बाधाओं को पार करते हुए साय सरकार ने ‘अंत्योदय’ के लक्ष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, जिससे आज प्रदेश समावेशी और सतत विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
———————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.