‘रेयर टू रेयरेस्ट’ कीर्तिमान से कोरबा बना विश्व-पटल पर चमकता सितारा — 20 मिनट में 15,563 हस्ताक्षरों से गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ इतिहास






पिथौरागढ़ का रिकॉर्ड डबल मार्जिन से टूटा, एशिया हेड डॉ. मनीष विश्वनोई बोले— “यह विश्व का सबसे दुर्लभ रिकॉर्ड है”
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा 06 फरवरी 2026 का दिन कोरबा के इतिहास में ‘स्वर्णिम दिवस’ के रूप में दर्ज हो गया। नगर पालिक निगम कोरबा के महासंकल्प-2026 अभियान के अंतर्गत आज कोरबा ने वह कर दिखाया, जिसकी गूंज देश ही नहीं बल्कि विश्व पटल पर सुनाई देगी। स्वच्छता शपथ के 280 मीटर लंबे एक ही बैनर पर मात्र 20 मिनट में 15,563 हस्ताक्षर कराकर कोरबा ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराते हुए एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के एशिया हेड डॉ. मनीष विश्वनोई ने ऐतिहासिक घोषणा करते हुए कहा—
“कोरबा द्वारा बनाया गया यह रिकॉर्ड विश्व का ‘रेयर टू रेयरेस्ट’ रिकॉर्ड है। मैं स्वयं इस उपलब्धि से चमत्कृत हूं। यह पहला अवसर है जब किसी रिकॉर्ड को डबल मार्जिन से तोड़ा गया है। पूर्व में उत्तराखंड के पिथौरागढ़ शहर का एक घंटे में 7,594 हस्ताक्षरों का रिकॉर्ड था, जिसे कोरबा ने मात्र 20 मिनट में 15,563 हस्ताक्षर कर ध्वस्त कर दिया। यह कीर्तिमान लंबे समय तक अटूट रहने वाला है।”
उन्होंने भावुक स्वर में कहा—
“धन्यवाद कोरबा, साधुवाद कोरबा, आभार कोरबा — नगर पालिक निगम कोरबा को बहुत-बहुत बधाई।”
🔶 भव्य आयोजन, ऐतिहासिक सहभागिता
पिछले एक सप्ताह से नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से व्यापक तैयारियां की जा रही थीं। आज 06 फरवरी को प्रदेश के उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में इस ऐतिहासिक महाअभियान का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कोरबा कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की मेजबानी महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय एवं सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने की।

महाअभियान में पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी, पत्रकारबंधु, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यालयीन छात्र-छात्राएं, महिला स्वसहायता समूह की सदस्याएं, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
🔷 “कोरबा बनेगा स्वच्छ सर्वेक्षण में नंबर-1”
मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा—
“आज कोरबा ने जो विश्व रिकॉर्ड बनाया है, उसे जल्दी तोड़ पाना आसान नहीं होगा। देवतुल्य जनता की सहभागिता से यह संभव हुआ है। हमारा संकल्प है कि कोरबा को स्वच्छ सर्वेक्षण में देश का नंबर-1 शहर बनाया जाए।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के संकल्प को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम कोरबा साकार कर रहा है।
इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने उपस्थित हजारों नागरिकों को स्वच्छता शपथ भी दिलाई।
🔷 “हम सबका सपना हुआ साकार”
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा—
“आज कोरबा के लिए ऐतिहासिक दिन है। कोरबावासियों ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जिसकी गूंज देश-विदेश तक जाएगी। हमने बड़े मार्जिन से पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त किया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में हम कोरबा को देश का स्वच्छतम शहर बनाएंगे।”
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए नगरवासियों, आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न विभागों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।
🔷 “आभार कोरबा — धन्यवाद कोरबा”
नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने कहा—
“महासंकल्प-2026 के तहत कोरबा ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जो वर्षों तक याद रखा जाएगा। डबल मार्जिन से और आधे समय से भी कम अवधि में रिकॉर्ड तोड़ना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस सफलता में नगर निगम टीम, जिला प्रशासन, पत्रकारबंधु, स्वयंसेवी संगठन, महिला स्वसहायता समूह, छात्र-छात्राएं एवं जागरूक नागरिकों की सहभागिता अतुलनीय रही।”
उन्होंने उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा—
“आभार कोरबा, धन्यवाद कोरबा।”
🔶 हर वर्ग की ऐतिहासिक सहभागिता
इस महाअभियान में नगर निगम कोरबा के साथ वन विभाग, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, रेडक्रास सोसायटी, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, नमामि हसदेव, एनटीपीसी, एसईसीएल, बालको, मेडिकल व नर्सिंग कॉलेज, विभिन्न विद्यालय-महाविद्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्वच्छता दीदी, सफाई मित्र, एनयूएलएम, महिला स्वसहायता समूह, पुलिस, बैंक, स्वास्थ्य विभाग सहित अनेक संस्थाओं व संगठनों ने सहभागिता निभाई।





