बालको खेल अकादमी में बाइचुंग भूटिया का दमदार संदेश: “छोटे शहर, बड़े सपने” — 100 से अधिक खिलाड़ियों को दिए अनुशासन और हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग के मंत्र






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** बालको/कोरबा,4 फरवरी 2026
भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की कोरबा स्थित खेल अकादमी में भारतीय फुटबॉल के दिग्गज, पूर्व राष्ट्रीय टीम कप्तान, अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं पद्मश्री सम्मानित बाइचुंग भूटिया का प्रेरणादायी दौरा हुआ। इस अवसर पर उन्होंने अकादमी के 100 से अधिक युवा खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उन्हें अनुशासन, निरंतर अभ्यास, स्ट्रक्चर्ड ट्रेनिंग और हाई-परफॉर्मेंस खेल तकनीकों की बारीकियां सिखाईं तथा रोल मॉडल की भूमिका पर जोर दिया।

बालको द्वारा वर्ष 2024 में प्रारंभ की गई यह खेल अकादमी फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और तैराकी जैसी विधाओं में युवाओं को प्रशिक्षण देने वाला रिहायशी एवं डे-बोर्डिंग स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर है। यह अकादमी कोरबा नगर निगम, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कोरबा तथा बालको के बीच हुए मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) के तहत संचालित की जा रही है। अकादमी में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, NIS-प्रमाणित कोच, स्पोर्ट्स साइंस सपोर्ट, फिजियोथेरेपी व मेडिकल केयर, और दिन में छह संतुलित आहार उपलब्ध कराने वाला संरचित न्यूट्रिशन प्रोग्राम है। वर्तमान में यहां कोरबा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर के 100 युवा खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिन्होंने कम समय में ही राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रभावशाली प्रदर्शन कर अकादमी की पहचान बनाई है।
इस अवसर पर बाइचुंग भूटिया का स्वागत आशुतोष पांडे (आयुक्त, नगर निगम कोरबा), दीनू पटेल (जिला खेल अधिकारी), विनय मिश्रा (अपर आयुक्त) सहित बालको के वरिष्ठ प्रबंधन ने किया।
युवा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए बाइचुंग भूटिया ने कहा,
“यह देखकर खुशी होती है कि जमीनी स्तर पर खेलों के विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर और स्ट्रक्चर्ड ट्रेनिंग दी जा रही है। आप जिस जगह से आते हैं, उससे आपके सपनों का आकार तय नहीं होता। देश का प्रतिनिधित्व करने वाले कई खिलाड़ी छोटे शहरों से आगे बढ़े हैं—अनुशासन, हिम्मत और आत्मविश्वास के दम पर। अब आपके पास संसाधन और मार्गदर्शन है; आगे कितना दूर जाना है, यह आपकी मेहनत और विश्वास तय करेगा।”

एक्सपोज़र के महत्व पर आशुतोष पांडे ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देता है और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस तरह के दौरों से युवा प्रतिभाओं को प्रेरणा और व्यापक दृष्टि मिलती है।
अकादमी की 17 वर्षीय फुटबॉल प्रशिक्षु सुगंधित लकड़ा ने कहा,
“बाइचुंग सर से मिलना बेहद प्रेरक अनुभव रहा। उनकी बातों से हमें कड़ी मेहनत और खेल का आनंद लेते हुए आगे बढ़ने की सीख मिली। नेशनल आइकन से संवाद ने हमारे भीतर और बेहतर करने का जुनून जगाया।”
बालको के सीईओ एवं डायरेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि कंपनी खेलों को संपूर्ण विकास का अहम आधार मानती है। अकादमी का संरचित प्रशिक्षण वातावरण युवाओं को सही दिशा देकर प्रदर्शन सुधारने के लिए तैयार किया गया है। बाइचुंग भूटिया जैसे दिग्गजों से संवाद युवाओं को यह दिखाता है कि समर्पण और लगन से उच्चतम स्तर तक पहुंचा जा सकता है।
अकादमी के अलावा, बालको सामुदायिक विकास के तहत विभिन्न क्षेत्रों में बैडमिंटन, हॉकी, क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल किट वितरित कर जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा दे रही है। कंपनी का मानना है कि युवाओं का संपूर्ण विकास उद्योग, शासन और समुदाय—तीनों के सामूहिक प्रयास से ही संभव है।





