कोरबा की सड़कों पर ‘ध्वनि आतंक’! पटाखे जैसी आवाज वाले साइलेंसरों से जनता त्रस्त, प्रशासन की चुप्पी पर भड़के वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**कोरबा शहर में रॉयल एनफील्ड सहित अन्य दोपहिया वाहनों में अवैध रूप से बदले जा रहे साइलेंसरों से उत्पन्न हो रही तेज ध्वनि और पटाखे जैसी आवाज आम नागरिकों के लिए सिरदर्द ही नहीं, बल्कि सीधा जानलेवा खतरा बनती जा रही है। सड़कों पर चलना अब आम लोगों के लिए सुरक्षित नहीं रह गया है। इस बढ़ते “ध्वनि आतंक” पर प्रशासनिक निष्क्रियता को लेकर शहर के वरिष्ठ प्रतिष्ठित अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने कड़ा ऐतराज जताते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अधिवक्ता सिंह ने बताया कि अवैध साइलेंसरों से निकलने वाला घना धुआँ पीछे चल रहे राहगीरों और दोपहिया चालकों के सीधे चेहरे पर पड़ता है, जिससे आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ और असहजता पैदा हो रही है। वहीं अचानक होने वाली पटाखे जैसी तेज आवाज से पीछे चल रहे वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा कि इस ध्वनि प्रदूषण से छात्र, महिलाएं, बुजुर्ग एवं मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। यह न केवल मोटर वाहन अधिनियम और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का खुला उल्लंघन है, बल्कि आम जनता के जीवन और स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ भी है। इसके बावजूद शहर में खुलेआम ऐसे साइलेंसर लगाए जा रहे हैं और उन्हें बेचने–लगाने वाली दुकानों पर प्रभावी कार्रवाई का अभाव साफ नजर आ रहा है।
वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से कड़ी मांग करते हुए कहा कि—
अवैध रूप से बदले गए साइलेंसरों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए,
ऐसे साइलेंसर बेचने एवं लगाने वाली दुकानों पर छापेमारी की जाए,
नियमित वाहन जांच अभियान चलाकर नियम उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना और वाहन जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते सख्ती नहीं दिखाई, तो शहर में ध्वनि प्रदूषण और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं और बढ़ेंगी, जिसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर संबंधित विभागों की होगी।
जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहरवासियों ने भी प्रशासन से मांग की है कि “तेज आवाज वाले साइलेंसरों पर तत्काल प्रतिबंध” लगाया जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कर कोरबा की सड़कों को सुरक्षित बनाया जाए।
— जारीकर्ता:
धनेश कुमार सिंह, वरिष्ठ प्रतिष्ठित अधिवक्ता, कोरबा (छत्तीसगढ़)
(मोबाइल: 98271-51555)





