February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

केसीसी में 25वें वार्षिक खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ, खेलों से सर्वांगीण विकास का दिया संदेश

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**कोरबा शिक्षण समिति द्वारा संचालित कोरबा कम्प्यूटर महाविद्यालय (केसीसी) के 25वें वार्षिक खेल महोत्सव का रंगारंग एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ केसीसी कैंपस में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के निर्देशक श्री राजेश अग्रवाल जी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। उद्घाटन अवसर पर खेल भावना, अनुशासन और प्रतिभा के प्रदर्शन का अद्भुत संगम देखने को मिला।
अपने प्रेरक उद्बोधन में श्री राजेश अग्रवाल जी ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि मानसिक और बौद्धिक क्षमता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले यह कहावत प्रचलित थी— “पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे खराब”, लेकिन आज समय पूरी तरह बदल चुका है। आज खेलों के माध्यम से व्यक्ति न केवल अपना करियर संवार सकता है, बल्कि देश और समाज का नाम भी रोशन कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेल, योग अथवा किसी न किसी रचनात्मक विधा से अवश्य जुड़ें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
खेल महोत्सव के प्रथम चरण में सभी प्रकार के आउटडोर खेलों का आयोजन स्थानीय दशहरा मैदान में किया गया। इसमें प्रमुख रूप से क्रिकेट, वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, स्लो-साइकिलिंग, लॉन्ग जंप, गोला फेंक, डिस्क थ्रो, 100 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ तथा रिले रेस शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं में बीकॉम, बीबीए, बीसीए, डीसीए, पीजीडीसीए एवं एम.एससी. (कम्प्यूटर विज्ञान) के छात्र-छात्राओं ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया।
खेल महोत्सव के द्वितीय चरण में विभिन्न इनडोर खेलों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें मुख्य रूप से चम्मच दौड़, जलेबी दौड़, कैरम, शतरंज एवं बोरा दौड़ शामिल हैं। वहीं तृतीय चरण में महाविद्यालय के सभागृह में रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें रंगोली, पूजा थाली सजावट, पोस्टर पेंटिंग, मेहंदी, नेल आर्ट, हेयर स्टाइल तथा दुल्हा-दुल्हन सजाओ प्रतियोगिता प्रमुख रूप से शामिल हैं।
विशेष आकर्षण के रूप में दुल्हा-दुल्हन सजाओ प्रतियोगिता में प्रतिभागी भारत के विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति को दर्शाते हुए पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होंगे, साथ ही दुल्हा-दुल्हन बने प्रतिभागियों का रैम्प वॉक भी आयोजित किया जाएगा।
प्रतिवर्षानुसार खेल महोत्सव के चतुर्थ चरण में व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें केक मेकिंग, छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन तथा भारत के विभिन्न प्रदेशों के विविध व्यंजन तैयार कर छात्र-छात्राएं अपनी पाक कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। खेल महोत्सव का समापन आनंद मेला के आयोजन के साथ किया जाएगा, जो विद्यार्थियों के लिए मनोरंजन और उल्लास का विशेष केंद्र रहेगा।
प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन हेतु निर्णायक समिति का गठन किया गया है, जिसमें क्रीड़ा प्रभारी श्री उमाकांत कैवर्त, सुरभि राठौर एवं मेधा सोनी को शामिल किया गया है। इसके साथ ही महाविद्यालय के शिक्षकगण रीना लहरे, बालीदास महंत, सुरभि कुंडू, ईरविन कुमार, योगिता अग्रवाल, सिमरन कौर, राखी सोनवानी एवं पियूष साहू सक्रिय रूप से सहभागिता निभा रहे हैं।
कुल मिलाकर केसीसी का 25वां वार्षिक खेल महोत्सव न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का भी विकास कर रहा है, जिससे यह आयोजन एक यादगार और प्रेरणादायी उत्सव के रूप में उभर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.