कांग्रेस स्पष्ट करे: अन्नदाता किसान के साथ है या धोखाधड़ी करने वाले अपराधी विधायक के साथ? – नारायण चंदेल






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर/जांजगीर।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस का अपराधियों को संरक्षण देने का पुराना चरित्र एक बार फिर छत्तीसगढ़ की जनता के सामने उजागर हो गया है। श्री चंदेल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत द्वारा धोखाधड़ी के गंभीर आरोपी कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू का खुला समर्थन किया जाना अत्यंत निंदनीय, शर्मनाक और किसान विरोधी मानसिकता को दर्शाने वाला है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री चंदेल ने कहा कि जिस विधायक पर पीड़ित किसान से 42.78 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है और जिसे न्यायालय ने ठोस साक्ष्यों के आधार पर जेल भेजा है, उसके समर्थन में कांग्रेस नेताओं का खड़ा होना यह साबित करता है कि कांग्रेस आज भी किसानों के बजाय अपराधियों के साथ खड़ी है। भाजपा इस शर्मनाक रवैये का पुरजोर विरोध करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वर्षों से खुद को किसानों की हितैषी बताने का ढोंग करती रही है, लेकिन जब किसान के साथ धोखाधड़ी करने वाला आरोपी उन्हीं की पार्टी का विधायक निकलता है, तब कांग्रेस का असली चेहरा सामने आ जाता है। श्री चंदेल ने सवाल उठाया कि भूपेश बघेल और चरणदास महंत यह स्पष्ट करें कि वे अन्नदाता किसान के साथ हैं या फिर अपराधी विधायक के साथ?
न्यायालय के आदेश का अपमान कर रही है कांग्रेस
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि यह पूरा मामला किसी राजनीतिक दबाव या रणनीति का नहीं, बल्कि कानून और न्यायालय की प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है। जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ अलग-अलग समय पर तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वर्तमान प्रकरण में उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 के तहत गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस आर्थिक भ्रष्टाचार के मामले में जांच के दौरान सह-आरोपी गौतम राठौर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वहीं विधायक बालेश्वर साहू ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी, जिस पर न्यायालय ने जांच पूर्ण होने तक गिरफ्तारी से संरक्षण दिया था, साथ ही यह भी स्पष्ट किया था कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से जारी रहे।
श्री चंदेल ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने कानून के अनुसार नोटिस जारी कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया। सभी साक्ष्यों और दस्तावेजों के अवलोकन के बाद न्यायालय ने आरोपी को जेल भेजने का आदेश पारित किया। ऐसे में यदि कांग्रेस नेता इस कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं, तो यह सीधे-सीधे न्यायालय के आदेश का अपमान है।
जेल में नियमों का उल्लंघन कर मिल रहे कांग्रेस नेता
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता लगातार जेल में जाकर अपने अपराधी विधायक से बड़ी संख्या में मुलाकात कर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का यह आचरण यह साबित करता है कि पार्टी अपराधियों को बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।
नारायण चंदेल ने कांग्रेस से किए तीखे सवाल
पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री चंदेल ने कांग्रेस और उसके नेताओं के समक्ष कई गंभीर सवाल रखे—
उन्होंने कहा कि जैजैपुर के कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू ने भूमिपुत्र अन्नदाता किसानों के साथ धोखाधड़ी की है। क्या कांग्रेस की नजर में यह गंभीर अपराध नहीं है?
उन्होंने पूरे मामले का विवरण रखते हुए बताया कि 14 जुलाई 2025 को पीड़ित किसान राजकुमार शर्मा ने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर 3 अक्टूबर 2025 को अपराध क्रमांक 420, 467, 468, 471, 406 एवं 120-बी के तहत एफआईआर दर्ज हुई। यह पूरा मामला 15 जनवरी 2015 से 26 मई 2020 के बीच का है।
श्री चंदेल ने कहा कि आरोप है कि विधायक बालेश्वर साहू ने राजकुमार शर्मा, उनकी मां जैतीन शर्मा एवं पत्नी रीता शर्मा के फर्जी अंगूठा हस्ताक्षर लगाकर बैंक से 42.78 लाख रुपये की निकासी की। बैंक निकासी पर्ची में आरोपी का मोबाइल नंबर भी दर्ज है और प्रार्थी से ब्लैंक चेक भी लिया गया था। इसके अलावा आरोपी पर पहले से धमकी और मारपीट के मामले दर्ज हैं और आज भी पीड़ित को डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या ऐसे अपराधी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई नहीं होनी चाहिए?
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि जो स्वयं को किसान का बेटा बताते हैं, वे यह स्पष्ट करें कि वे अन्नदाता किसानों के साथ हैं या किसानों से धोखाधड़ी करने वाले विधायक के साथ?
कांग्रेस का इतिहास घोटालों और अपराधों से भरा
श्री चंदेल ने कहा कि कांग्रेस यह भी बताए कि जब सरकार ने नहीं बल्कि न्यायालय ने आरोपी को जेल भेजा है, तो कांग्रेस नेता झूठ और भ्रम फैलाकर क्या साबित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी अपराध और अपराधियों का गिरोह बनकर रह गई है।
उन्होंने भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल को याद दिलाते हुए कहा कि उस दौरान कोल घोटाला, शराब घोटाला, चावल घोटाला, धान घोटाला, पीएससी घोटाला और महादेव सट्टा जैसे अनेक घोटाले सामने आए। कई कांग्रेस विधायक और अधिकारी जेल गए, कई आज भी जेल में हैं या जमानत पर बाहर हैं। क्या यही कांग्रेस शासन की असली तस्वीर नहीं है?
भाजपा की स्पष्ट मांग
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने अंत में कहा कि भाजपा की स्पष्ट मांग है कि किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाला विधायक बालेश्वर साहू तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे और कांग्रेस पार्टी उसे तुरंत दल से निष्कासित करे। साथ ही उन्होंने जनता से भी ऐसे अपराधी प्रवृत्ति के जनप्रतिनिधियों का सार्वजनिक बहिष्कार करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस यदि सच में किसानों की हितैषी है, तो उसे यह साबित करना होगा कि वह अन्नदाता के साथ खड़ी है, न कि अपराधियों के साथ।





