नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा को मिली नई ऊर्जा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में दी बधाई, छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक जीत को बताया संगठनात्मक कौशल का परिणाम






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा नई दिल्ली।
भारतीय जनता पार्टी के संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा देने वाले कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन से आज नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सौजन्य भेंट कर उन्हें उनके नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने नितिन नबीन के नेतृत्व की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन, दूरदर्शिता और सतत परिश्रम ने छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन को अभूतपूर्व मजबूती प्रदान की है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश प्रभारी के रूप में नितिन नबीन ने संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त किया। कार्यकर्ताओं में अनुशासन, उत्साह और लक्ष्य के प्रति समर्पण का भाव जगाया, जिसका प्रत्यक्ष परिणाम विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय के रूप में सामने आया। यह सफलता केवल चुनावी आंकड़ों तक सीमित नहीं, बल्कि भाजपा के मजबूत संगठनात्मक ढांचे और कार्यकर्ता आधारित राजनीति का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नितिन नबीन का नेतृत्व प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने रणनीतिक सोच, संगठनात्मक कौशल और निरंतर संवाद के माध्यम से कार्यकर्ताओं को एक सूत्र में बांधा। यही कारण है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा ने जनता का विश्वास पुनः अर्जित किया और प्रचंड जनादेश प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन के ऊर्जावान नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी देशभर में नई ऊँचाइयों को स्पर्श करेगी। पार्टी राष्ट्र सेवा के अपने संकल्प को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।
अंत में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नितिन नबीन को पुनः बधाई देते हुए कहा कि उनका अनुभव, संगठनात्मक समझ और समर्पण भाजपा के लिए आने वाले समय में नई उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।





