छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन देश में सबसे मजबूत और प्रभावी अटल जन्म शताब्दी वर्ष में 175 अटल परिसरों की स्थापना ऐतिहासिक उपलब्धि : अरुण सिंह






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****// रायपुर, 30 दिसम्बर 2025। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री श्री अरुण सिंह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा का संगठन प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक अत्यंत मजबूत, अनुशासित और प्रभावी है। केन्द्रीय स्तर पर जब भी संगठनात्मक गतिविधियों की राज्यवार समीक्षा होती है, तब छत्तीसगढ़ उन प्रदेशों में अग्रणी रूप से सामने आता है, जहाँ पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ है।
राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति को अक्षुण्ण रखने के लिए छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन द्वारा किया गया कार्य पूरे देश में अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि “अटल जन्म शताब्दी वर्ष में छत्तीसगढ़ देश का एकमात्र ऐसा प्रदेश रहा, जहाँ 175 अटल परिसरों की स्थापना की गई। इसके लिए प्रदेश भाजपा संगठन और कार्यकर्ता अभिनंदन के पात्र हैं।”
हर सकारात्मक कार्य का कांग्रेस और पूरा विपक्ष करता है विरोध
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री श्री सिंह अटल जन्म शताब्दी कार्यक्रम की समीक्षा बैठक, कार्यकर्ता सम्मेलन एवं सम्मान समारोह के सिलसिले में राजधानी प्रवास पर थे। इस दौरान उन्होंने संसद के हाल ही में सम्पन्न सत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकसभा और राज्यसभा—दोनों में कांग्रेस और विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं था।

उन्होंने कहा कि अनेक विधेयकों पर चर्चा हुई, लेकिन विपक्ष न तो सार्थक बहस कर पाया और न ही अपनी बात को जिम्मेदारी से रख सका। संसद से बाहर आकर विपक्ष भ्रम फैलाने का कार्य कर रहा है। श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि ‘वीबी जी राम जी’ योजना के तहत 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी जा रही है, जिससे लोगों को 25 दिन अतिरिक्त रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत कौन-सा काम होगा, इसका निर्धारण ग्रामसभा और ग्राम पंचायत द्वारा ग्राम की आवश्यकता के अनुरूप किया जाएगा, न कि केन्द्र सरकार द्वारा। कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने इस विषय में स्पष्ट पत्र भी लिखा है, इसके बावजूद विपक्ष जानबूझकर भ्रम फैला रहा है। “हर सकारात्मक कार्य का कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष विरोध करता ही है,”—श्री सिंह ने कहा।
मनरेगा में पारदर्शिता बढ़ी, अब विकास और रोजगार दोनों सुनिश्चित
श्री सिंह ने बताया कि देशभर से मिली शिकायतों के आधार पर मनरेगा के तहत कई विधानसभाओं में जहाँ केवल गड्ढे खोदकर धन का दुरुपयोग किया गया और कार्य ही नहीं हुआ, वहाँ का वित्तीय आवंटन रोक दिया गया। अब मनरेगा में बायोमेट्रिक प्रणाली और कम्प्यूटरीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता आएगी, वास्तविक जरूरतों के कार्य होंगे, ग्रामीणों को रोजगार मिलेगा और गाँव समृद्ध बनेंगे।
पश्चिम बंगाल में सरकार के संरक्षण में संगठित भ्रष्टाचार
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री श्री सिंह ने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वहाँ सरकार के संरक्षण में ऑर्गेनाइज्ड करप्शन हो रहा है। योजनाओं में बड़े स्तर पर लीकेज है और लूट मची हुई है, जो अत्यंत चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि पहले बंगाल में भाजपा की तीन सीटें थीं, बाद में पार्टी ने 77 सीटें जीतकर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। “इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी,”—श्री सिंह ने दावा किया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में हिंसा और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है। बंगाल जैसी हिंसा और भ्रष्टाचार पूरे देश में कहीं नहीं है।
श्री सिंह ने ममता बनर्जी सरकार पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक वर्ग को खुश करने के लिए नियम-कानून को ताक पर रखा जा रहा है और यह सब सरकार के संरक्षण में हो रहा है।
31 मार्च 2026 तक देश होगा नक्सल मुक्त : अरुण सिंह
नक्सल उन्मूलन अभियान पर बोलते हुए श्री सिंह ने कहा कि यह देश के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सटीक रणनीति के चलते भारत तेजी से नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ और नक्सल मुक्त भारत की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार और प्रदेश सरकारों के समन्वय से 31 मार्च 2026 तक देश को हथियारबंद नक्सलवाद से मुक्त कर लिया जाएगा। एक ओर सरकार नक्सलियों से कठोरता से निपट रही है, वहीं दूसरी ओर आत्मसमर्पण कर विकास की मुख्यधारा में लौटने वालों के लिए व्यापक योजनाएँ चलाई जा रही हैं।
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तेज गति से विकास कार्य हो रहे हैं। श्री सिंह ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास से अब देश की जीडीपी में उनका भी योगदान बढ़ रहा है और इसी कारण भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है।
दो वर्षों में तेज विकास, 16 लाख प्रधानमंत्री आवास पूर्ण
श्री सिंह ने मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण प्रदेश में निवेश, औद्योगिक विकास, रेलवे, सड़क और अधोसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्वीकृत 24 लाख प्रधानमंत्री आवासों में से 16 लाख आवास बनकर तैयार हो चुके हैं, जो सरकार की कार्यकुशलता और जनकल्याणकारी सोच को दर्शाता है।
पत्रकार वार्ता में उपस्थित रहे
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण देव, प्रदेश महामंत्री द्वय डॉ. नवीन मार्कण्डेय एवं श्री यशवंत जैन, तथा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जगन्नाथ पाणिग्रही भी उपस्थित रहे।





