भाजपा प्रदेश कार्यालय में अटल स्मृति को नमन राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने अटल जी सहित भाजपा के पितृ पुरुषों को अर्पित की पुष्पांजलि






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री श्री अरुण सिंह ने राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में स्थापित स्मृति मंदिर पहुंचकर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी सहित भारतीय जनता पार्टी के पितृ पुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर श्री अरुण सिंह ने भाजपा के संगठनात्मक स्तंभ श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे, जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं राजमाता विजयाराजे सिंधिया को भी पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों और योगदान को स्मरण किया।

पुष्पांजलि अर्पित करने के पश्चात उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री श्री अरुण सिंह ने कहा कि “श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने अपना संपूर्ण जीवन सुशासन, लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्र निर्माण को समर्पित कर दिया। उनका व्यक्तित्व, कृतित्व और नेतृत्व आज भी देश के चहुंमुखी विकास के लिए पथ-प्रदर्शक बना हुआ है।”
उन्होंने कहा कि अटल जी केवल एक कुशल प्रशासक ही नहीं, बल्कि एक प्रखर वक्ता, संवेदनशील राजनेता और ओजस्वी कवि के रूप में भी सदैव स्मरणीय रहेंगे। अटल जी का जीवन राजनीतिक शुचिता, संवाद, सहमति और राष्ट्रहित का अनुपम उदाहरण है।
अटल जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का किया अवलोकन
इसके पश्चात भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री श्री अरुण सिंह ने भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जीवन, विचारों, संघर्षों और उपलब्धियों पर केंद्रित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में अटल जी के राजनीतिक जीवन, प्रधानमंत्री कार्यकाल, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और ऐतिहासिक निर्णयों को चित्रों व दस्तावेजों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण देव, प्रदेश महामंत्री श्री यशवंत जैन, डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जगन्नाथ पाणिग्रही, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री राम गर्ग, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री अशोक बजाज, रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी श्री सुरेंद्र पाटनी, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री राहुल योगराज टिकरिहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, विचार और संगठनात्मक एकता के भाव से ओतप्रोत रहा, जहाँ सभी ने अटल जी के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया।





