मन की बात से मिला नई ऊर्जा का संदेश — किरण देव बोले, प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ की धरती का बढ़ाया गौरव


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा *** रायपुर/जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने रविवार को जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के नानगूर मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत पंडरीपानी के बूथ क्रमांक 178 में ग्रामीण कार्यकर्ताओं और ग्रामवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम की 127वीं कड़ी का प्रसारण श्रवण किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि “मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की आत्मा से संवाद है। प्रधानमंत्री मोदी जी देश की 140 करोड़ जनता से सीधे जुड़ते हैं और हर भारतीय को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करते हैं।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार हम सबके लिए मार्गदर्शक हैं। हम सभी को उनके संदेश से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के संकल्प को और मजबूत करना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज के कार्यक्रम में प्रकृति से जुड़े महापर्व छठ को श्रद्धा, अपनापन और परंपरा का प्रतीक बताया और समस्त देशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर अंचल का उल्लेख करते हुए कहा कि “जहां कभी माओवादी हिंसा का अंधकार था, आज वहां अमन और विकास के दीप जल रहे हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में स्वच्छता अभियान के तहत अंबिकापुर के अनूठे प्रयास — “प्लास्टिक के बदले भोजन” पहल — की भी सराहना की, जिसने जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता की नई मिसाल पेश की है। उन्होंने देश को एकता के सूत्र में बांधने वाले लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (31 अक्टूबर) पर आयोजित एकता दौड़ में सभी नागरिकों से सहभागिता की अपील की। साथ ही बताया कि आगामी 7 नवम्बर को राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर देशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे।
प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस पूरे देश में उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसे हमें गर्व से संरक्षित करना चाहिए।
इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने मन की बात कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना।
इस दौरान रजनीश पानीग्राही, नानगूर मंडल अध्यक्ष हरिराम मंडावी, महामंत्री चंद्रकांत सेठिया, रैदू नाग, उपाध्यक्ष जय मोहन शर्मा, जनपद सदस्य श्रीमती पार्वती शर्मा, सरपंच रोहित पंत, उप सरपंच चैतन कश्यप, राजू पोयाम, धरमूराम मंडावी, लखीधर बधेल, अमलपति बैस, राजेश ओगले, उदय दुबे, सुनील सोनी, अजय सोनी, हरिशंकर कश्यप, प्रकाश नागेश, गगन, परस ठाकुर, श्रीमती संगीता ठाकुर, हेमेश्वरी, सीता ठाकुर, फूलमती, जयंती सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

