कांग्रेस समर्थकों के आपत्तिजनक पोस्ट पर भाजपा का तीखा विरोध — सिविल लाइंस थाने में विधायक मोतीलाल साहू के नेतृत्व में कार्रवाई की मांग


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर। सोशल मीडिया पर कांग्रेस समर्थकों द्वारा की गई जातिसूचक और आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। भाजपा के रायपुर (ग्रामीण) विधायक मोतीलाल साहू एवं रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को सिविल लाइंस थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और दोषियों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।

भाजपा नेताओं ने बताया कि ‘भूपेश है तो भरोसा है’ नामक फेसबुक आईडी से जानबूझकर ऐसे पोस्ट किए जा रहे हैं जो मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और साहू समाज को अपमानित करने की नीयत से भरे हुए हैं। इस आईडी से एक गाने के रूप में जातिसूचक टिप्पणियां पोस्ट की गई हैं, जिससे समाज में वैमनस्य फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश साफ दिखाई दे रही है।
विधायक मोतीलाल साहू ने पुलिस अधिकारियों से चर्चा के दौरान कहा कि कांग्रेस से जुड़े तत्व भूपेश बघेल के संरक्षण में प्रदेश में जातीय विद्वेष और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे मामलों पर सख्त कदम उठाते हुए फेसबुक पोस्ट को तुरंत हटाया जाए, संबंधित आईडी को ब्लॉक किया जाए और दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए, ताकि प्रदेश में शांति और सौहार्द बना रहे।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से अनुरोध किया कि इस प्रकार के सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाले पोस्ट को लेकर सख्त संदेश दिया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति समाज विशेष की भावना को ठेस न पहुंचा सके।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं समाज के लोग — प्रवीण साहू, रोहित साहू, संतोष साहू, हर्ष साहू, हेमंत साहू सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

