कोरबा में मानव-हाथी संघर्ष नियंत्रण के लिए विशेष “रैपिड रिस्पॉन्स टीम” का गठन






पत्रकार शशिकांत डिक्सेना और हाथी विशेषज्ञ प्रभात दुबे को मिली अहम जिम्मेदारी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ कोरबा, 11 अक्टूबर 2025: कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में बढ़ते मानव-हाथी संघर्ष को रोकने और प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत राहत एवं बचाव सुनिश्चित करने के लिए वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत ने विशेष ‘Spearhead (Rapid Response) Team’ का गठन किया है। इस टीम का मुख्य उद्देश्य संकट की स्थिति में तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर हाथियों और मानव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
जारी आदेश के अनुसार, इस दल की कमान उपवनमंडलाधिकारी संजय त्रिपाठी को दी गई है। टीम में 15 सदस्य शामिल हैं, जिनमें परिक्षेत्र अधिकारी, सहायक, रक्षक, पशुचिकित्सक, पत्रकार और हाथी मित्रदल के सदस्य शामिल हैं।
इस टीम में कटघोरा के पत्रकार शशिकांत डिक्सेना को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। शशिकांत लंबे समय से जंगल और वन्यजीवों से जुड़े मुद्दों की निडर रिपोर्टिंग करते आए हैं। वे समय पर घटनास्थल की जानकारी जुटाकर विभागीय अधिकारियों को सचेत करते हैं और ग्रामीणों के हितों के लिए लगातार आवाज उठाते हैं। उन्होंने कई बार मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
साथ ही टीम में हाथी विशेषज्ञ प्रभात दुबे को भी सदस्य बनाया गया है। प्रभात दुबे ग्रामीणों को हाथियों के व्यवहार, उनकी गतिविधियों और सुरक्षा उपायों के बारे में प्रशिक्षित करते हैं। उनकी मुहिम से अब ग्रामीण हाथियों के आगमन पर घबराने की बजाय सावधानीपूर्वक दूरी बनाए रखते हैं, जिससे संघर्ष की घटनाओं में कमी आई है।
वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत ने बताया कि टीम किसी भी घटना की सूचना पर तुरंत पहुंचकर घायलों को सुरक्षित करेगी और हाथियों को बिना नुकसान पहुँचाए सुरक्षित दिशा में मोड़ेगी। प्रत्येक घटना की फोटो, वीडियो और GPS लोकेशन सहित रिपोर्ट तैयार की जाएगी और मुआवजा प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाया जाएगा। टीम का दायित्व समुदाय से संवाद, भीड़ नियंत्रण, जनजागरूकता और ग्रामीणों को प्रशिक्षण देने का भी है।
यह संयुक्त पहल न केवल मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को कम करेगी, बल्कि एक संवेदनशील और सहभागी प्रशासनिक मॉडल के रूप में उभर सकती है। ग्रामीण इसे स्वागत योग्य कदम मानते हैं, क्योंकि इसमें उन लोगों को जोड़ा गया है जो मैदान पर सक्रिय और भरोसेमंद हैं।





