February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

मल्होत्रा के देहावसान से प्रदेश भाजपा-परिवार में गहन शोक

भाजपा पदाधिकारियों ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व दिल्ली प्रदेश भाजपा के पहले अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा के देहांत का समाचार मिलते ही छत्तीसगढ़ भाजपा-परिवार में गहन शोक व्याप्त है। प्रदेश के भाजपा नेताओं ने उनके संगठन कौशल व बहुमुखी व्यक्तित्व को प्रेरणादायक बताते हुए अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है।

मल्होत्रा के निधन से मन व्यथित है : देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने अपने श्रद्धांजलि संदेश में कहा कि जनसामान्य की गहरी समझ रखने और दिल्ली में भाजपा को मज़बूत करने में बहुमूल्य योगदान देने वाले विजय कुमार मल्होत्रा के निधन से मन व्यथित है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिवार व प्रशंसकों को संबल प्रदान करें।

पार्टी में मल्होत्रा ने प्रामाणिकता का परिचय दिया : जम्वाल

भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि पाँच बार सांसद और दो बार विधायक रहे स्व. मल्होत्रा को जनता के मुद्दों की गहरी समझ थी और वह जमीन से जुड़े नेता थे। दिल्ली में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। इस प्रकार पार्टी में हर प्रकार की भूमिकाओं का निर्वहन कर स्व. मल्होत्रा ने अपनी प्रामाणिकता का परिचय दिया।

स्व. मल्होत्रा राष्ट्रनिष्ठा, संगठन कौशल और अनुशासन की मिसाल : साय

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शोक की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ भाजपा-परिवार उनके परिजनों के साथ खड़ा है। जनसंघ के दौर से लेकर भाजपा की स्थापना तक उनका जीवन राष्ट्रनिष्ठा, संगठन कौशल और अनुशासन का जीता-जागता उदाहरण रहा। दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन की नींव को मजबूत किया और असंख्य कार्यकर्ताओं को सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाया।

‘मल्होत्रा के निधन से भाजपा परिवार और सामाजिक जीवन, दोनों में एक गहरा शून्य उत्पन्न’

भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रय यशवंत जैन, अखिलेश सोनी व डॉ. नवीन मार्कण्डेय सहित सभी पदाधिकारियों, मोर्चों-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भी अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि विजय मल्होत्रा के निधन से भाजपा परिवार और सामाजिक जीवन, दोनों में एक गहरा शून्य उत्पन्न हो गया है। भाजपा नेताओं ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारजनों तथा कार्यकर्ताओं को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.