August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

जीएसटी रिफॉर्म्स से आर्थिक क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक बदलाव- मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री जीएसटी 2.0 रिफॉर्म्स “धन्यवाद मोदी जी” कार्यक्रम में हुए शामिल

पद्मश्री प्राप्त विभूतियों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

रायपुर 28 सितंबर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज यहां राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित जीएसटी 2.0 रिफॉर्म्स “धन्यवाद मोदी जी” कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जीएसटी रिफॉर्म्स से आर्थिक क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। जीएसटी दरों में कटौती से 140 करोड़ देशवासियों के जीवन में खुशी आई है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के पद्मश्री सम्मान प्राप्त विभूतियों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन व्यापार प्रकोष्ठ, आर्थिक प्रकोष्ठ और व्यवसायी प्रकोष्ठ के तत्वावधान में किया गया था। रायपुर संभाग के छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की भी आयोजन उपस्थिति रही।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जीएसटी रिफॉर्म्स का निर्णय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिया गया ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में लगातार ऐसे निर्णय हुए हैं जिनके बारे में यह कहा जाता था कि ये कभी नहीं हो सकते। चाहे वह धारा 370 हटाना हो या ट्रिपल तलाक बिल लाने का निर्णय। इसी कड़ी में जीएसटी रिफॉर्म्स लोगों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं स्वयं लोगों के बीच जाकर जीएसटी दरों में कटौती से मिले लाभ की जानकारी ले रहा हूँ। पिछले दिनों जब मैं दैनिक जरूरत का सामान खरीद रहे लोगों से मिलने एक मार्ट में गया तो वहां मुझे गृहणियों ने बताया कि इन सुधारों से हमारे किचन के बजट में कमी आई है। जब मुझे गृहणियां प्रत्येक वस्तु के कम हुए दाम बता रही थीं तो उनके चेहरे पर मुस्कान थी। इन सुधारों से किसानों को बड़ी राहत मिली है। मैं ट्रेक्टर शोरूम भी गया जहां मुझे पता चला कि ट्रैक्टर के दाम में 65 हजार से 1 लाख रुपये की कमी आयी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रदेश के व्यापारियों का बड़ा योगदान होगा। छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति को निवेशकों द्वारा बहुत पसन्द किया जा रहा है। अभी मैंने जापान और कोरिया की यात्रा की जहां इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम भी हुए। एशिया महाद्वीप के कई निवेशकों ने छत्तीसगढ़ में निवेश में रुचि दिखाई है। प्रदेश में औद्योगिक निवेश से बड़ी संख्या में रोजगार का सृजन होगा।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जो जीएसटी सुधार किए हैं वे ‘न भूतो न भविष्यति’ हैं। यह कदम आम आदमी को ताकतवर बना रहा है। जहां एक ओर दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की कीमत कम होने से लोगों को लाभ मिल रहा है तो वहीं देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है। जीएसटी रिफॉर्म्स को लेकर जनता की ओर से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया आ रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान के लिए पद्मश्री प्राप्त विभूतियों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इनमें पद्मश्री श्री जॉन मार्टिन नेल्सन (कला जगत), पद्मश्री डॉ. राधेश्याम बारले (कला संगीत), पद्मश्री श्रीमती उषा बारले (कला संगीत), पद्मश्री डॉ.पुखराज बाफना (चिकित्सा), पद्मश्री फुलबासन बाई यादव(सामाजिक कार्य), पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम (सामाजिक कार्य), पद्मश्री डॉ.भारती बंधु (कला जगत), पद्मश्री अनुज शर्मा(कला फिल्म जगत), पद्मश्री मदन सिंह चौहान(कला संगीत), पद्मश्री सबा अंजुम (अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी), पद्मश्री अजय कुमार मंडावी (कला जगत काष्ट कला), पद्मश्री हेमचन्द मांझी(चिकित्सा), पद्मश्री पंडी राम (कला जगत काष्ट शिल्प), पद्मश्री जागेश्वर यादव (सामाजिक कार्य),राजेन्द्र प्रसाद(खेल),राजेश चौहान(अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी),सुश्री नीता डुमरे (अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी) को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सांसद व प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश मंत्री जयंती पटेल, श्रीमती हर्षिता पांडेय, विधायक पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सीजीएमएससीएल के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौरानी, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, लाभचंद बाफना, जिला अध्यक्ष रायपुर शहर रमेश ठाकुर, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग, महासमुंद जिला अध्यक्ष एतराम साहू,गरियाबंद जिला अध्यक्ष राजेश साहू, अजय भसीन सहित रायपुर संभाग के छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी सहित भाजपा कार्यकर्ता व पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।

More Stories

1 min read

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

1 min read
Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.