प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से 2 अक्टूबर तक भाजपा सेवा पखवाड़ा अभियान का भव्य आयोजन – स्वास्थ्य, स्वच्छता, रक्तदान व सामूहिक संगोष्ठी सहित कई कार्यक्रम आयोजित होंगे


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से महात्मा गांधी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय व पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के रूप में विभिन्न प्रकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह घोषणा भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर रायपुर में आयोजित रायपुर शहर जिला की सेवा पखवाड़ा कार्यशाला में की गई।

कार्यशाला में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन साय ने बताया कि सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व, उनके कृतित्व व उनके जनकल्याणकारी कार्यों को जनता के मध्य प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत करना है। इसके तहत 17 सितंबर को रायपुर शहर जिला भाजपा द्वारा विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जबकि 18 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी मंडलों में लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
साथ ही, 17 सितंबर और 2 अक्टूबर को विशेष रूप से सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 17 सितंबर से 24 सितंबर तक सरकारी केंद्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगेंगे। इसके अतिरिक्त, समाज के चिकित्सकों के सहयोग से और अधिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का अवसर प्रदान किया जाएगा।
पवन साय ने यह भी बताया कि 17 सितंबर को प्रत्येक जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व व नेतृत्व पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसी अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। संगठन एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी तैयार करा रहा है, जिसे अधिक से अधिक शैक्षणिक संस्थानों में प्रदर्शित कर प्रधानमंत्री के आदर्श व विचार जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर को भाजपा के प्रत्येक बूथ पर मनाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता व दिव्यांग बच्चों के लिए उपकरण वितरण जैसे सामाजिक कल्याणकारी कार्यक्रम भी इस दौरान आयोजित किए जाएंगे। 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी व लालबहादुर शास्त्री की मूर्तियों पर माल्यार्पण पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ के सभी जिला कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति तैयार की गई है, ताकि यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
कार्यशाला में रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश का वैश्विक मान सम्मान बढ़ा है। इस सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के विचार, संकल्प व योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर आम जनता को जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि सभी 20 मंडलों में कार्यक्रम संयोजक व सह संयोजक तथा कार्यशाला वक्ता भी निश्चित कर दिए गए हैं। विभिन्न तरीकों से बैठकें लेकर प्रत्येक मंडल में कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का गौरव विश्व पटल पर स्थापित हुआ है। सेवा पखवाड़ा के माध्यम से स्वच्छता अभियान, वोकल फॉर लोकल, एक पेड़ मां के नाम जैसी योजनाओं में जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी ताकि प्रधानमंत्री के संकल्पित विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
कार्यशाला को दक्षिण विधायक सुनील सोनी एवं रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री जयंती पटेल, महापौर मीनल चौबे, निगम-मंडलों के अध्यक्ष, प्रदेश प्रवक्ता, जिला महामंत्री सत्यम दुवा, जिला उपाध्यक्ष अकबर अली सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। कार्यशाला का संचालन जिला मंत्री व कार्यक्रम संयोजक अमित मैशेरी ने किया।

