छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव पर कमला नेहरू कॉलेज में पुस्तक मेला: वेद-उपनिषद से लेकर 8 हजार किताबों का भव्य संग्रह


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य रजत जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार को कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा में भव्य पुस्तक मेला आयोजित किया गया। इस मेले में समाज-राजनीति, विज्ञान, भूगोल, वेद-उपनिषद, पुराण, प्राचीन एवं प्रेरक कहानियों सहित विभिन्न विषयों पर आधारित लगभग 7 से 8 हजार किताबें प्रदर्शित की गईं।
प्रातः 11 बजे प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों तथा आम नागरिकों ने उमड़-घुमड़ कर पुस्तक संग्रह का अवलोकन किया। पुस्तक मेला कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया था। उन्होंने बताया कि यह मेला विशेष रूप से विद्यार्थियों को पठन-पाठन की आदत विकसित करने एवं पुस्तक को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से लगाया गया था।

महाविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक मनीष कुमार पटेल, रामकुमार श्रीवास एवं ग्रन्थालय सहायक सुरेश कुमार महतो की सक्रिय सहभागिता से पुस्तक मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपस्थित लोगों ने बड़ी रुचि के साथ पुस्तकें देखीं और पठन-पाठन के महत्व पर संवाद भी किया।
🎓 विशेष सम्मान : एमलिब 2022-23 बैच की टॉपर अल्का बांधेकर को पुरस्कार
इस अवसर पर एमलिब एवं आईएससी स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त पूर्व छात्रा अल्का बांधेकर को भी आमंत्रित किया गया। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर की मेरिट सूची में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली अल्का ने कमला नेहरू महाविद्यालय और कोरबा का नाम गर्व से रोशन किया। प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने अल्का को पुस्तक मेला में उपहार देकर सम्मानित किया।
पुस्तक मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किया गया। इस अवसर ने विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को पुस्तक-पठन के प्रति और अधिक जागरूक किया तथा ज्ञान के सागर से रूबरू कराया।

