मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरबा में विभागीय स्टॉलों का किया अवलोकन, हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिले के प्रवास के दौरान जिला कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा सजाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली और अनेक हितग्राहियों को प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल पर प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत पहाड़ी कोरवा वर्ग की अजगरबहार निवासी सुमत्री बाई, ग्राम चुईया के अमर सिंह कोरवा, ग्राम कुरूडीह के परदेशी राम यादव तथा ग्राम भैसमा के रामबंधु को आवास की चाबी और पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किए। इससे इनके जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।


इसके अतिरिक्त, रेशम विभाग के स्टॉल पर कोरबा निवासी श्री शत्रुघन केंवट को कोसा उत्पादन हेतु 3 लाख 27 हजार रुपये का चेक वितरित किया गया, जिससे उनकी स्वरोजगार क्षमता बढ़ेगी और आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनांतर्गत तुमान करतला की सविता पटवा (मां सर्वमंगला स्व सहायता समूह) को 1 लाख 20 हजार रुपये का ऋण प्रदान किया गया, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरक कदम है।
आदिवासी विकास विभाग के स्टॉल पर कोरबा जिले के बिरहोर वर्ग की मोटू, घसनीन और सुरगुजहीन बाई को वन अधिकार मान्यता पत्र वितरित किए गए, जिससे उनके अधिकारों की सुरक्षा होगी और उन्हें संवैधानिक मान्यता प्राप्त होगी।

श्रम विभाग की ओर से मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत पोंड़ीबहार निवासी श्री राजकुमार टेकाम और पुरानी बस्ती निवासी श्रीमती सावित्री सिंह (पति स्व. कर्नल सिंह बैंस) को 1-1 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया, जिससे उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
नगरीय प्रशासन विभाग के स्टॉल में तब्बसुम खातुन एवं भान कुमारी साहू को प्रधानमंत्री आवास (शहरी) योजना के तहत आवास की चाबी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त, विमलेश यादव और गौरी राजवाड़े को शहरी आवास 2.0 निर्माण हेतु स्वीकृति पत्र, नक्शा एवं भवन अनुज्ञा पत्र भी प्रदान किए गए, जिससे शहरी विकास की दिशा में एक ठोस कदम और समाज के जरूरतमंद वर्ग को आवास उपलब्ध होगा।
बाल विकास विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री को सीएसआर मद से किए जा रहे कार्यों, महिलाओं द्वारा उत्पादित विभिन्न उत्पाद, महिला सशक्तिकरण, पोषण विकास, युवाओं का कौशल उन्नयन, छत्तीसगढ़ी आर्ट एंड कल्चर डेवलपमेंट, मोर जल मोर माटी कार्यक्रम सहित अन्य सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने एनटीपीसी एवं एसईसीएल द्वारा प्रदर्शित स्टॉलों का भी अवलोकन किया, जहाँ सीएसआर मद से किए गए विविध सामाजिक कार्यों की प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई। मुख्यमंत्री ने इन प्रदर्शनी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्रीय विकास एवं सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होती है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने हितग्राहियों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और राज्य सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर ग्रामीण एवं शहरी विकास को और गति देने का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी रही।

