महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया — नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा ने कहा स्वतंत्रता का अर्थ है नियंत्रित नियमयुक्त व्यवहार


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा।
महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री शिव आयुर्वेद वेलनेस सेंटर पंचकर्म चिकित्सालय के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत ध्वज पूजन और ध्वजारोहण से हुई, जिसे मुख्य अतिथि नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा द्वारा संपन्न कराया गया। राष्ट्रगान के बाद “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा।
अपने ओजस्वी उद्बोधन में पंडित शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ स्वच्छंदता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “स्वतंत्रता” का अर्थ है — नियमयुक्त और अनुशासित जीवन पद्धति, जबकि स्वच्छंदता का अर्थ है नियंत्रणहीन आचरण। आयुर्वेद शास्त्र में बताए गए नियमों का पालन ही वास्तविक स्वतंत्रता है, जिससे सुस्वास्थ्य और निरोगी जीवन प्राप्त होता है। उन्होंने कहा — “स्वतंत्रता में ‘स्व’ का अर्थ है स्वयं और ‘तंत्र’ का अर्थ है नियम या व्यवस्था। अतः नियंत्रित नियमयुक्त व्यवहार ही वास्तविक स्वतंत्रता है।”
कार्यक्रम का संचालन अपनी ऊर्जामयी वाणी में नेत्र नंदन साहू ने किया। समारोह के अंत में धन्यवाद ज्ञापन महानदी कॉम्प्लेक्स के कोषाध्यक्ष एवं अंदाज कलेक्शन के संचालक संतोष अग्रवाल ने दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा के साथ हरेंद्र साहू, विजेंद्र गुप्ता, फिरोज मेमन, विकास अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, संजय अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, प्रतिभा शर्मा, डॉ. वागेश्वरी शर्मा, पवन मोदी, शिव जायसवाल, गजेंद्र राठौड़, सुधीर सक्सेना, नेत्र नंदन साहू, अश्विनी बुनकर, अरुण मानिकपुरी, कमल धारिया, देवबलि कुंभकार, राजकुमार पटेल, कमला कुंभकार, सिद्धराम शाहनी, राकेश इस्पात, सुलोचना यादव, सिमरन जायसवाल एवं हर्ष नारायण शर्मा सहित बड़ी संख्या में महानदी कॉम्प्लेक्स के व्यापारी बंधु और नागरिकगण उपस्थित रहे।
समारोह देशभक्ति, अनुशासन और सुस्वास्थ्य के संदेश के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

