कोरबा के धनंजय शुक्ला का बॉक्सिंग में दमदार पंच, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयन
स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया जिले का गौरव, नोएडा में राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे अपनी प्रतिभा; खेल जगत में खुशी की लहर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। मेहनत, अनुशासन और शानदार खेल कौशल के दम पर कोरबा के युवा बॉक्सर धनंजय कुमार शुक्ला ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ज्योति भूषण विधि महाविद्यालय, कोरबा के छात्र धनंजय का चयन राष्ट्रीय विश्वविद्यालय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। आगामी माह नोएडा में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वे अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
धनंजय ने 15 सितंबर को डीपी विप्र विधि महाविद्यालय, बिलासपुर में आयोजित अंतर महाविद्यालयीन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। रिंग में उनकी बेहतरीन तकनीक, दमदार प्रदर्शन और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक पहुंचाया है। अब उनकी नजर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कोरबा का नाम रोशन करने पर है।
पाली विकासखंड के पडनिया गांव निवासी धनंजय की इस सफलता से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने यह साबित किया है कि प्रतिभा, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के बल पर स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा जा सकता है।
धनंजय के राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयनित होने पर नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कमला नेहरू महाविद्यालय की प्राचार्य किरण चौहान, जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष संदीप सिंह, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नौशाद खान, सचिव सुरेश क्रिस्टोफर सहित जिला बॉक्सिंग संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने उम्मीद जताई कि धनंजय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर कोरबा और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगे।
