February 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

बारिश में भी थमी नहीं देशभक्ति की गूंज — कोरबा की ‘विशाल तिरंगा यात्रा’ ने रचा इतिहास, जनसैलाब ने तिरंगे के सम्मान में किया कदमताल

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा, 13 अगस्त 2025।
आज़ादी के अमृत महोत्सव के तहत भारतीय जनता पार्टी, जिला कोरबा द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘विशाल तिरंगा यात्रा’ ने आज पूरे शहर में देशभक्ति का ऐसा माहौल बना दिया, जिसे बरसात की झड़ी भी फीका नहीं कर सकी। दोपहर 2:30 बजे घंटाघर ओपन थिएटर से शुरू होकर हनुमान मंदिर कोसाबाड़ी चौक तक पहुंची इस यात्रा में हजारों लोगों ने तिरंगे की शान में कदमताल किया। आसमान से गिरती बूंदों के बीच हाथों में लहराते तिरंगे, गगनभेदी नारे और देशभक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ते जनसमूह ने कोरबा की सड़कों को देशप्रेम के रंग में रंग दिया।

रास्ते भर सजाई गई भव्य झांकियों ने भारतीय संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम की गौरवगाथा और वीर सैनिकों के पराक्रम को जीवंत कर दिया। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग—हर उम्र के लोग तिरंगे की शान में एकजुट होकर आगे बढ़ते रहे। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दे रही थी। शहर मानो 15 अगस्त का उत्सव पहले ही मना रहा हो।

अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, तिरंगा यात्रा संयोजक डॉ. राजीव सिंह, जोगेश लंबा, ज्योति नंद दुबे, देवेंद्र पांडे, अशोक चावलानी, पवन गर्ग, निकिता मुकेश जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष दीपिका राजेंद्र राजपूत, विकास झा, सतीश झा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मंजू सिंह, मनोरमा शर्मा, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, योगेश मिश्रा, दिलेंद्र यादव, उदय शर्मा, अभिषेक गर्ग, ईश्वर साहू, ओम प्रकाश साहू, किशन साहू, हरिशंकर यादव, रामकुमार गबल, राजू प्रजापति, कृष्णा पटेल, बृजेश यादव, पुनिराम साहू, श्रीधर द्विवेदी, मिलाप बरेट, पंकज प्रजापति, सरस्वती पटेल, अजय चंद्र, लकी नंदा, दीपक, दीपक यादव सहित सभी मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इसके साथ ही कई सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, वरिष्ठ नागरिक, स्कूली बच्चे, छात्र-छात्राएं और पूर्व सैनिकों ने भी तिरंगा यात्रा में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई, जिससे यह आयोजन जनभागीदारी का अद्वितीय उदाहरण बन गया।

भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी का भावुक संबोधन
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने अपने जोशीले संबोधन में कहा—

“आज का यह दृश्य केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि कोरबा की आत्मा का प्रतिबिंब है। बरसात की बूंदें हमारे कदम रोक नहीं सकतीं, क्योंकि हमारे दिल में तिरंगे का सम्मान और देशभक्ति का ज्वार उमड़ रहा है। मैं कोरबा के हर नागरिक का आभार व्यक्त करता हूं कि जब भी इस शहर में देश के सम्मान का आह्वान हुआ है, आपने पूरे मन से साथ दिया है। यह तिरंगा हमारी एकता, हमारी शक्ति और हमारे अस्तित्व का प्रतीक है। आइए, हम सब मिलकर इसकी शान को हमेशा ऊंचा रखें।”

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल का उद्बोधन
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा—

“आज कोरबा ने यह साबित कर दिया है कि देशभक्ति किसी मौसम की मोहताज नहीं है। बारिश हो या धूप, तिरंगे के सम्मान में कोरबा का हर नागरिक एकजुट है। इस यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक का जोश देखना गर्व का क्षण है। यह दृश्य हमें याद दिलाता है कि स्वतंत्रता हमें कितने बलिदानों के बाद मिली है, और इसे बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।”

महापौर संजू देवी राजपूत का संबोधन
महापौर संजू देवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा—

“आज की तिरंगा यात्रा कोरबा के गौरव, एकता और देशप्रेम का अद्भुत प्रमाण है। बारिश में भी लोगों का उमड़ता हुजूम इस बात का प्रमाण है कि हमारे दिल में तिरंगे के लिए असीम प्रेम और सम्मान है। हम सभी को इस भावना को हर दिन जीवित रखना चाहिए और अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर और देशभक्ति से ओत-प्रोत बनाए रखना चाहिए।”

कार्यक्रम संयोजक डॉ. राजीव सिंह का आभार
कार्यक्रम के अंत में संयोजक डॉ. राजीव सिंह ने कहा—

“इस भव्य तिरंगा यात्रा की सफलता कोरबा वासियों की देशभक्ति का परिणाम है। मैं सभी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, सुरक्षा बलों, मीडिया प्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं और बारिश में भी शामिल हुए हर एक नागरिक का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। आपकी उपस्थिति और सहयोग ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब तिरंगे की बात आती है, तो कोरबा एकजुट होकर खड़ा होता है।”

आयोजकों ने इस यात्रा को तिरंगे की शान, राष्ट्रीय एकता और कोरबा की एकजुटता का जीवंत प्रतीक बताया। मीडिया प्रभारी मनोज मिश्रा और सह मीडिया प्रभारी पवन सिन्हा ने जानकारी दी कि यह यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर इतिहास में दर्ज होगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.