May 2, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“हाफ बिजली बिल आंदोलन बना कांग्रेस का सुपर फ्लॉप शो – भाजपा ने बताया झूठा नैरेटिव, कहा गरीबों का घर छीनने वाली पार्टी आज कर रही बिजली की बात!”

त्रिनेत्र टाइम्स रायपुर। कांग्रेस द्वारा चलाए गए तथाकथित “हाफ बिजली बिल” आंदोलन पर भाजपा ने तीखा हमला बोलते हुए इसे पूरी तरह फ्लॉप करार दिया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन न तो जनता को जोड़ पाया और न ही उनके अपने कार्यकर्ता इसमें नजर आए। श्रीवास्तव ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का यह तथाकथित प्रदेशव्यापी आंदोलन आधे जिलों तक भी नहीं पहुँच सका – यह इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस की राजनीति अब जनता के बीच पूरी तरह से अप्रासंगिक हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के “झूठे नैरेटिव” और “राजनीतिक नौटंकी” को भलीभाँति पहचान चुकी है। जनता के हितों से कोई सरोकार न रखने वाली कांग्रेस सिर्फ अपने स्वार्थों की राजनीति करती है और जब भी सत्ता से बाहर होती है, झूठ, भ्रम और अराजकता फैलाने की साजिशों में जुट जाती है।

भाजपा नेता श्रीवास्तव ने कांग्रेस द्वारा राज्य सरकार पर “बिजली छीनने” के लगाए गए आरोपों को पूरी तरह हास्यास्पद और पाखंडपूर्ण बताते हुए करारा पलटवार किया। उन्होंने कहा, “गरीबों से प्रधानमंत्री आवास छीनने वाली कांग्रेस अब किस मुँह से मुफ्त बिजली की बात कर रही है? भाजपा ने ही गरीबों को अन्न, जल, आवास, शौचालय और अब मुफ्त बिजली देने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।”

श्रीवास्तव ने आगे कहा कि भाजपा सरकार की “प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” महज बिल हाफ नहीं बल्कि बिल माफ करने की दिशा में क्रांतिकारी कदम है। इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे वे न केवल अपनी बिजली खुद पैदा करेंगे बल्कि अतिरिक्त बिजली बेचकर आमदनी भी अर्जित कर सकेंगे।

उन्होंने कहा, “भाजपा की सरकार सिर्फ सब्सिडी की राजनीति नहीं करती, बल्कि आत्मनिर्भरता, स्वच्छ ऊर्जा और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में काम कर रही है। कांग्रेस की हाफ बिल जैसी खोखली योजनाओं की जगह भाजपा ने पूरी बिजली माफ करने का विजन सामने रखा है। यही जनता की सच्ची सेवा है।”

भाजपा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का यह आंदोलन प्रदेश की जनता को गुमराह करने की एक नाकाम कोशिश थी और ऐसे फर्जी अभियानों का भविष्य में भी यही हश्र होने वाला है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.