March 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

एनकेएच बालाजी ब्लड बैंक एवं लायंस क्लब बालको द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन, युवाओं ने बढ़-चढ़कर निभाई समाजिक जिम्मेदारी

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा। एनकेएच बालाजी ब्लड बैंक एवं लायंस क्लब बालको के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन कोसाबाड़ी स्थित एनकेएच बालाजी ब्लड सेंटर परिसर में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में युवाओं, स्वयंसेवकों एवं अस्पताल स्टाफ ने सहभागिता कर मानवता का संदेश दिया।

शिविर का शुभारंभ लायन हरविंदर सिंग (कोषाध्यक्ष) एवं लायन अजय जायसवाल (सचिव) की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। रक्तदान प्रारंभ करने से पूर्व सभी रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच एनकेएच के विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में की गई, जिससे रक्तदान की प्रक्रिया सुरक्षित, वैज्ञानिक और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकी।

सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में कोरबा के विभिन्न क्षेत्रों से आए रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विशेष रूप से युवाओं में इस अभियान को लेकर उत्साह देखा गया। उन्होंने सेवा, सहयोग और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

लायंस क्लब द्वारा यह आयोजन “रक्तदान महादान मुहिम” के अंतर्गत आयोजित किया गया था। इस अवसर पर चिकित्सक डॉ. विजय अग्रवाल ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा –

> “रक्तदान केवल किसी जरूरतमंद की जान बचाने का जरिया नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है, जिसे हर जागरूक नागरिक को निभाना चाहिए।”



शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में आयोजकों, एनकेएच अस्पताल स्टाफ एवं स्वयंसेवकों की सराहनीय भूमिका रही, जिसकी सभी उपस्थित जनों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

यह शिविर न केवल रक्त की आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में एक कारगर प्रयास साबित हुआ, बल्कि युवाओं में सेवा-भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता का भी सशक्त माध्यम बना।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.