कांग्रेस के लोगों को राजनीति करने के लिए किसी मुद्दे की तलाश करनी चाहिए : चन्द्राकर
भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता चन्द्राकर ने कांग्रेस पर किया तीखा कटाक्ष, कहा : कांग्रेस अब न्यायालय से फटकार खाने वाली पार्टी बन गई है
‘जो एक परिवार के ताबेदार हैं, कांग्रेस के वह लोग भाजपा की राजनीतिक संस्कृति को कभी नहीं समझ सकते’
त्रिनेत्र टाइम्स रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व विधायक अजय चन्द्राकर ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी में संगठन नाम की कोई चीज बची नहीं है और जिस पार्टी में संगठन नाम की चीज नहीं है, उसमें कोई संगठनात्मक कार्य और उसकी भावनाएँ उनको समझ में नहीं आएंगी। इसलिए उन्होंने (श्री चन्द्राकर ने) लिखा कि कांग्रेस के लोगों को राजनीति करने के लिए किसी मुद्दे की तलाश करनी चाहिए। श्री चन्द्राकर बुधवार को अपने निवास पर भाजपा उत्कृष्ट सदस्यता अभियान की आड़ लेकर कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया पर की जा रही ओछी राजनीति से जुड़े पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे।
भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता श्री चन्द्राकर ने कहा कि आज राजनीति करने के लिए कांग्रेस पूरे प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में मुद्दाविहीन हो चुकी है। जनहित जैसे मुद्दों की राजनीति करने के लिए पहले उनके पास मुद्दे होने चाहिए, जो अब उनके पास नहीं हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बगैर श्री चन्द्राकर ने तीखा कटाक्ष कर कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने भी कहा है कि आपके पास क्या सबूत है कि दो हजार वर्गमील भारतीय जमीन पर चीन ने कब्जा किया है? दरअसल कांग्रेस अब न्यायालय से फटकार खाने वाली पार्टी बन गई है, इसलिए कांग्रेस के लोगों की बातों को गम्भीरता से नहीं लेना चाहिए।
