एनटीपीसी-कोरबा में कियोस्क आधारित सबस्टेशन ऑटोमेशन सिस्टम का शुभारंभ, स्विचयार्ड संचालन में आएगा तकनीकी क्रांतिकारी बदलाव



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा।एनटीपीसी-कोरबा ने तकनीकी उन्नयन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए अपने 400 केवी स्विचयार्ड के लिए कियोस्क आधारित सबस्टेशन ऑटोमेशन सिस्टम (SAS) का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया है। इस अत्याधुनिक प्रणाली का उद्घाटन एनटीपीसी कोरबा के कार्यकारी निदेशक श्री राजीव खन्ना द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
परियोजना के प्रथम चरण के तहत, जनरेशन यूनिट #3 बे को सफलतापूर्वक इस नवीन एसएएस प्लेटफॉर्म पर माइग्रेट कर दिया गया है। आगामी चरणों में शेष बेज़ को भी इस प्रणाली से जोड़े जाने की योजना है, जिससे पूरे स्विचयार्ड में यह स्वचालित प्रणाली लागू हो सकेगी।
नवीनतम सबस्टेशन ऑटोमेशन सिस्टम एनटीपीसी-कोरबा को रीयल-टाइम मॉनिटरिंग, बेहतर परिचालन नियंत्रण, और उच्च विश्वसनीयता प्रदान करेगा। इसके माध्यम से विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी, साथ ही परिचालन में मानवीय हस्तक्षेप को भी न्यूनतम किया जा सकेगा।
कार्यकारी निदेशक श्री राजीव खन्ना ने इस अवसर पर कहा,
“सबस्टेशन ऑटोमेशन सिस्टम का शुभारंभ हमारे स्विचयार्ड संचालन को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा और आवश्यक कदम है। यह प्रणाली एनटीपीसी-कोरबा की विश्वसनीयता और दक्षता को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी और सुरक्षित व निर्बाध विद्युत आपूर्ति के हमारे मिशन को मजबूती देगी।”
यह पहल एनटीपीसी-कोरबा की स्मार्ट ग्रिड तकनीक को अपनाने और तकनीकी नवाचार की ओर निरंतर अग्रसर रहने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। इसके माध्यम से एनटीपीसी-कोरबा न केवल अपने परिचालन मानकों को उच्चतर बनाए रखेगा, बल्कि भारत के अग्रणी विद्युत उत्पादन केंद्रों में अपनी प्रमुख भूमिका को और अधिक सशक्त करेगा।


