March 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा की ऋतु चौरसिया को मिला “सदस्यता श्री सम्मान”, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया सम्मानित कोरबा जिले की प्रथम महिला भाजपा नेता जिन्हें सदस्यता अभियान में मिला प्रदेश स्तरीय सम्मान

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के प्राथमिक सदस्यता अभियान 2024-25 के अंतर्गत “सदस्यता श्री सम्मान एवं सर्वोच्च कार्यक्रम” का भव्य आयोजन हाल ही में मुख्यमंत्री निवास, अटल नगर रायपुर में सम्पन्न हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर कोरबा जिले की वरिष्ठ भाजपा नेत्री एवं भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश मंत्री सुश्री ऋतु चौरसिया को सदस्यता अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के करकमलों से “सदस्यता श्री सम्मान” से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान कोरबा जिले के लिए गौरव का विषय है, क्योंकि ऋतु चौरसिया जिले की प्रथम महिला कार्यकर्ता हैं जिन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है। सम्मान ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने कहा – “एक साधारण कार्यकर्ता को यह सम्मान मिलना मेरे लिए गर्व और आनंद का विषय है। यह संगठन की समावेशी सोच और कार्यकर्ताओं के योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।”

ऋतु चौरसिया का यह पहला सम्मान नहीं है। उन्हें पूर्व में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा बिलासपुर संभाग प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारी मिली थी, जिसके अंतर्गत उन्होंने बिलासपुर में मोर्चा का सफल संभाग स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर संगठन को मजबूती दी। साथ ही वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, राष्ट्र सेविका समिति, देवपहरी समिति जैसे संगठनों में भी सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं।

गौरतलब है कि वे पूर्व में भाजपा से महापौर प्रत्याशी के रूप में भी चर्चित रही हैं। संगठन के प्रति उनका समर्पण उनके पिताश्री, स्व. रविंद्र कुमार चौरसिया (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संघचालक) की प्रेरणा से बना रहा है। उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए ऋतु चौरसिया ने ईमानदारी, निष्ठा और परिश्रम के बल पर संगठन में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त किया है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साहू, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उनकी संगठनात्मक सक्रियता, मृदुभाषी स्वभाव और जनसेवा के प्रति समर्पण ने उन्हें न केवल कार्यकर्ताओं में बल्कि जनसामान्य में भी अत्यधिक लोकप्रिय बनाया है। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान की सराहना है, बल्कि भाजपा संगठन की एकजुटता, प्रेरणा और कार्यकर्ता सम्मान संस्कृति का भी प्रतीक है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.