रात 12:30 बजे जनपद सदस्य कमल बेलदार की तत्परता से नोनी बाई को मिला जीवनरक्षक उपचार, “मोर एम्बुलेंस” बनी सहारा



त्रिनेत्र टाइम्स कटघोरा/डोंगरी।आपात स्थिति में त्वरित सेवा देना ही सच्ची जनसेवा है, और ऐसा ही उदाहरण सामने आया ग्राम पंचायत डोंगरी में, जहाँ नोनी बाई कंवर की अचानक तबीयत बिगड़ने पर रात 12:30 बजे “मोर एम्बुलेंस” सेवा के माध्यम से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कटघोरा में भर्ती कराया गया।
नोनी बाई की तबीयत रात को अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद परिजनों द्वारा जनपद सदस्य श्री कमल बेलदार से संपर्क किया गया। सूचना मिलते ही उन्होंने बिना समय गंवाए “मोर एम्बुलेंस” सेवा को सक्रिय किया और स्वयं निगरानी में रखते हुए नोनी बाई को सुरक्षित अस्पताल पहुंचवाया। स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया, जिससे समय पर इलाज मिल सका और उनकी स्थिति में सुधार आने लगा।
इस पूरे घटनाक्रम में जनपद सदस्य कमल बेलदार की संवेदनशीलता और तत्परता ने यह साबित कर दिया कि जनप्रतिनिधि केवल योजनाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ज़रूरत की घड़ी में आमजन का साथ देना उनकी प्राथमिकता है।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस त्वरित प्रयास के लिए जनपद सदस्य कमल बेलदार और मोर एम्बुलेंस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा –
“यदि यह सेवा समय पर नहीं मिलती, तो अनहोनी भी हो सकती थी। रात के समय इतनी तत्परता से एम्बुलेंस भेजना वाकई सराहनीय है।”
यह घटना न केवल प्रशासनिक सजगता का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि “मोर एम्बुलेंस” जैसी योजनाएं ग्रामीण अंचलों में कितनी जीवनदायिनी सिद्ध हो रही हैं।


