हर घर पक्के सपनों की ओर बढ़ता बांकीमोंगरा – 26 हितग्राहियों को मिला प्रधानमंत्री आवास योजना का स्वीकृति पत्र




बांकीमोंगरा।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “हर परिवार को पक्की छत” के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी कुमारी झा के नेतृत्व में नगर पालिका परिसर में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के अंतर्गत 26 पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी और संतोष की झलक देखने को मिली। वर्षों से अपने आशियाने का सपना देख रहे लोगों के लिए यह दिन एक नए जीवन की शुरुआत की तरह था।
पालिका अध्यक्ष श्रीमती झा ने इस अवसर पर कहा –
> “प्रधानमंत्री आवास योजना सिर्फ ईंट-पत्थर का मकान नहीं देती, यह लोगों के सपनों को साकार करने का माध्यम है। आज 26 परिवारों को उनके स्वप्निल घर की मंज़ूरी मिली है और हम प्रयासरत हैं कि जल्द ही शेष हितग्राहियों को भी स्वीकृति पत्र प्रदान किया जाए।”
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत कुल 53 आवेदन पालिका को प्राप्त हुए थे, जिनमें से प्रथम चरण में 26 हितग्राहियों का स्वीकृति पत्र आया है। बाकी लाभार्थियों के पत्र भी शीघ्र प्राप्त कर वितरित किए जाएंगे।
अध्यक्ष श्रीमती झा ने अपने बाइट में आगे कहा –
> “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का सपना है कि देश का कोई भी नागरिक कच्चे घर में न रहे। हम सभी का दायित्व है कि इस सोच को साकार करें। मैं बांकीमोंगरा की जनता को विश्वास दिलाती हूं कि सरकार की हर योजना – चाहे वह आवास, स्वच्छता, जल, शिक्षा या स्वास्थ्य से संबंधित हो – हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचेगी।”


उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं क्षेत्रीय विधायक श्री प्रेमचंद पटेल के प्रयासों से बांकीमोंगरा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं और आगे भी इसमें गति लाई जाएगी।
कार्यक्रम में नगर पालिका के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, एवं भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। लाभान्वित हितग्राहियों ने सरकार एवं पालिका प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस योजना से उन्हें जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा का भरोसा मिला है।
इस आयोजन के माध्यम से बांकीमोंगरा नगर पालिका ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि वह केवल योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं, बल्कि जमीनी क्रियान्वयन में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है।


