अंतिम श्रावण सोमवार को मुराई कछार शिवालय में उमड़ा आस्था का सैलाब, दिनभर चला पूजा-पाठ और विविध प्रसाद वितरण



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा****/
जवाली (कोरबा)। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को मुराई कछार स्थित प्राचीन शिव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। दिनभर मंदिर परिसर में जय शिव शंकर, हर हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे और हजारों श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना, दुग्धाभिषेक, जलार्पण, बेल पत्र, धतूरा, पान-पुष्प और आरती से भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न किया।

इस सोमवार की विशेषता यह रही कि ग्राम में कृषि कार्य का एक चरण पूर्ण हो चुका है, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीण भक्तों ने इस पावन दिन में पूजा में भाग लेकर अपने कर्तव्य और भक्ति दोनों का समन्वय दर्शाया। पिछले सप्ताहों की तुलना में इस बार भक्तों की उपस्थिति अधिक रही, जिससे पूरा वातावरण शिवमय बना रहा।
प्रातः बेला में विशेष पूजा-अभिषेक
सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का आगमन शुरू हो गया। बलराम गुरूजी का परिवार, संताबाई परिवार, पंच पदमा देवी-हेमलाल परिवार, शीला देवी-पूर्ण, सीताराम-गायत्री बाई का परिवार एवं शशि किरण परिवार के पांच जोड़ों ने विधिपूर्वक दुग्धाभिषेक, जलार्पण, बेल पत्र अर्पण, आरती एवं भोग अर्पित कर शिवभक्ति का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
विविध प्रकार के प्रसाद वितरण ने भक्ति को दी सेवा की पूर्णता
पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को खीर, पूरी, खिचड़ी, फल एवं हलवा आदि प्रसाद वितरित किया गया।
विधायक प्रतिनिधि के पिता संतराम डांडिया ने खीर हेतु रसद सामग्री उपलब्ध कराई।
राजकुमारी पटेल और दिलीप कुमार के परिजनों – विनीत कुमार, खुशबू शारदा बनवासा, पूजा पुष्पा, संजना, नंद कुमार एवं चंद्राबाई – ने पूरी बनाने का सामान प्रदान किया।
भोलू कुम्हार, रामपाल सिंह एवं हंसमुख कंवर ने प्रसाद वितरण हेतु दोना-पत्तल का सहयोग दिया।
शारदा नामदेव परिवार द्वारा मोहन भोग प्रसाद वितरित किया गया।
ग्राम सरपंच दिलेश कुमार कंवर ने अपने पंचों के सहयोग से खिचड़ी प्रसाद बनवाकर न केवल मंदिर परिसर, बल्कि मुख्य मार्ग पर भी ग्रामवासियों के लिए वितरण कराया।
बोल बम कांवरिया दल की विशेष भक्ति प्रस्तुति
कोरबा जिले में प्रसिद्ध बोल बम कांवरिया दल के लगभग 40 सदस्यों ने इस अवसर पर विशेष रूप से भाग लिया।
प्रथम सोमवार कनकी धाम,
द्वितीय तुर्री धाम,
तृतीय चैतुरगढ़ धाम की यात्रा पूर्ण करने के बाद
अंतिम सोमवार जवाली शिवालय में उन्होंने फल व हलवा प्रसाद भक्तों में वितरित किया।
इस दल का कुशल नेतृत्व जय सिंह, राकेश, रामायण सिंह, भक्ति राम एवं योगेश्वर सारथी द्वारा किया गया।
समर्पित कार्यकर्ताओं का पूर्ण सहयोग
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समयदान देने वाले कार्यकर्ता मनोज, महिपाल, चिक्की, तीज, विक्की, कान्हा, सूरज सहित सात सदस्यीय टीम ने विशेष रूप से प्रसाद निर्माण में योगदान दिया। पुरुषोत्तम, शिवा और अंजलि ने प्रसाद वितरण में दिनभर सेवा दी।
भविष्य की भक्ति योजनाएं भी तैयार
श्रावण समाप्ति के पश्चात नाग पंचमी पर्व पर भोजली बोने का कार्य विधिपूर्वक किया गया। आगामी बुधवार को महिला मंडली के सहयोग से भजन-कीर्तन एवं रामायण पाठ का आयोजन किया जाएगा। साथ ही रक्षाबंधन पर्व के दूसरे दिन रविवार को भोजली विसर्जन का कार्य बाजे-गाजे और प्रसाद वितरण के साथ पूरे उत्साह से किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारी दानदाताओं और ग्राम पंचायत के सहयोग से चल रही है।
हर हर महादेव के जयकारों के साथ भक्ति चरम पर
बोल बम बहनों के दल सहित समस्त ग्रामवासियों ने पूरे दिन भक्ति रस में डूबे रहकर श्रावण के इस अंतिम सोमवार को सार्थक, सेवा और श्रद्धा पूर्ण रूप में पूर्ण किया। शिव मंदिर परिसर भक्ति, अनुशासन और संगठन का सजीव उदाहरण बना रहा।


