जेल से फरारी के बाद बाल संप्रेषण गृह का चौकाने वाला वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा****। जिले में शनिवार को चार विचाराधीन कैदियों के जिला जेल से फरार होने की सनसनीखेज घटना के बाद अब बाल संप्रेषण गृह का एक चौकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो ने न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि समाज के सामने यह बड़ा प्रश्न खड़ा कर दिया है कि क्या सुधार गृह वास्तव में सुधार के केन्द्र हैं या अपराधियों के लिए नई पाठशाला बनते जा रहे हैं।

वायरल वीडियो में एक नाबालिग आरोपी संप्रेषण गृह के भीतर कुर्सी पर बैठकर आराम से टीवी पर गैंगस्टर गानों का लुत्फ उठाते नजर आ रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल फोन से शूट कर इंस्टाग्राम पर पोस्ट भी किया गया है।
अब यह सवाल उठ रहा है कि आखिरकार संप्रेषण गृह जैसे संवेदनशील स्थान के अंदर मोबाइल फोन कैसे पहुंचा और वहां अपराधी प्रवृत्ति के नाबालिगों को इस तरह की गतिविधियों की अनुमति कैसे मिली? यह न केवल सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है बल्कि सुधार गृहों में चल रही व्यवस्थाओं पर भी गहरी शंका उत्पन्न करता है।
ज्ञात हो कि इससे पहले शनिवार को कोरबा जिला जेल से चार विचाराधीन कैदी 25 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इस घटना के बाद से ही पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है और जिलेभर में सघन तलाशी अभियान जारी है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने जेल और संप्रेषण गृह दोनों जगहों की सुरक्षा पर बड़े प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते सुधार गृह और जेलों की निगरानी और व्यवस्थाओं में पारदर्शिता नहीं लाई गई, तो यह प्रवृत्ति आने वाले समय में समाज के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है।
समाज पर असर:
यह वीडियो और हालिया घटनाएं हमें यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि क्या हमारी जेल और संप्रेषण गृह की व्यवस्थाएं अपराधियों को सुधार रही हैं या उन्हें और अधिक अपराध की दिशा में धकेल रही हैं। ऐसे में समाज और प्रशासन दोनों को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है ताकि सुधार गृह वास्तव में सुधार के केंद्र बन सकें, न कि अपराधियों के लिए सुविधाजनक स्थल।


