July 22, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कुदमुरा रेंज में करंट से हाथी की मौत – फसल बचाने के लिए लगाए गए बिजली प्रवाहित तार, तीन किसान गिरफ्तार

1 min read

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा।जिले के कुदमुरा रेंज अंतर्गत बैगामार जंगल क्षेत्र में शुक्रवार को एक हाथी की करंट लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के किसानों ने फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए अपने खेतों के चारों ओर बिजली प्रवाहित तार लगा रखा था। गुरुवार रात झुंड से बिछड़ा एक हाथी खेत के पास पहुंच गया और करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण खेत पहुंचे तो उन्होंने हाथी को मृत अवस्था में देखा और इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम और पशु चिकित्सकों का दल घटनास्थल पर पहुंचा। हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

वन मंडलाधिकारी (DFO) निशांत कुमार झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि कृष्ण राम राठिया, बाबू राम राठिया और टीका राम राठिया नामक किसानों ने अपने खेतों में करंट प्रवाहित तार बिछाया था। पूछताछ में तीनों किसानों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि हाथी की सही उम्र पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो पाएगी और यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में और कोई व्यक्ति शामिल है या नहीं।

डीएफओ ने बताया कि वर्तमान में इस क्षेत्र में लगभग 22 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। मृत हाथी संभवतः इसी झुंड से बिछड़कर अकेला खेत की ओर चला आया था।

वन विभाग ने किसानों को खेतों में करंट प्रवाहित तार लगाने की खतरनाक प्रवृत्ति से दूर रहने की चेतावनी दी है और कहा है कि इस प्रकार की घटनाएं वन्यजीव संरक्षण के लिए गंभीर खतरा हैं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.