August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कुदमुरा-हाटी मार्ग पर दंतैल हाथी का आतंक, लोगों में अफरा-तफरी, वन विभाग ने संभाला मोर्चा

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  कोरबा। जिले के उरगा-कुदमुरा मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक विशालकाय दंतैल हाथी अचानक सड़क पर आ गया। घटना शाम करीब 5 बजे की है, जब कुदमुरा के गौठान के पास यह हाथी सड़क पार कर रहा था।

सड़क पर हाथी को देखकर वहां मौजूद लोग और वाहन चालक घबरा गए और उन्होंने अपने वाहन तत्काल रोक दिए। कुछ लोग तो वहां से सुरक्षित दूरी बना कर हट गए, वहीं कई लोगों ने अपने मोबाइल से हाथी का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी आसपास के जंगल से भटक कर मेंन रोड पर आ गया था और कुदमुरा क्षेत्र के गौठान के पास सड़क पार कर दूसरे जंगल की ओर जाने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान करीब आधे घंटे तक मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

सूचना मिलते ही कुदमुरा वन परिक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए हाथी को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ दिया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें और ऐसे समय में धैर्य रखें।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में इस क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। वन विभाग ने हाथियों की निगरानी के लिए टीम को सतर्क कर दिया है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.