March 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

भूपेश बघेल के पुत्र मोह में झोंकी पूरी कांग्रेस: भाजपा का तीखा हमला

कोयला आबंटन और पेड़ कटाई पर कांग्रेस के झूठ का भाजपा ने किया खुलासा, जारी किए दस्तावेज

“जिसका पार्टी में कोई पद नहीं, उसके लिए पूरी कांग्रेस सड़क पर क्यूं?” – लखन लाल देवांगन

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ जिला भाजपा कार्यालय कोरबा में आज आयोजित पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस यह बताए कि भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल पार्टी के किस पद पर हैं? वह कांग्रेस में कोई जिम्मेदारी नहीं निभाते, फिर भी उनके लिए पूरी पार्टी प्रदर्शन कर रही है। यह साफ दिखाता है कि भूपेश बघेल ने पूरी कांग्रेस को अपने पुत्र मोह में झोंक दिया है।”

देवांगन ने कहा कि इतिहास गवाह है, जब शासक पुत्र मोह में डूबे तो खुद भी डूबे और साम्राज्य भी ले डूबे। “भूपेश बघेल भी उसी रास्ते पर हैं। भ्रष्टाचारियों को बचाने कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है और प्रदेश को आर्थिक नुकसान पहुंचा रही है। लेकिन प्रदेश की जनता यह बर्दाश्त नहीं करेगी।”

 

 

भाजपा ने कांग्रेस के झूठ का किया पर्दाफाश, पेश किए दस्तावेज

पत्रकार वार्ता में भाजपा ने कोल ब्लॉक आवंटन और पेड़ों की कटाई पर कांग्रेस के झूठ की पोल खोलने वाले दस्तावेज पेश किए। देवांगन ने कहा कि “अपने शासनकाल में भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को दिल्ली दरबार का चारागाह बना दिया। शराब, कोयला, चावल, गोठान और पीएससी घोटालों से लेकर हर विभाग में लूट मची थी। आज जब इन घोटालों के आरोपी जेल भेजे जा रहे हैं तो कांग्रेस कानूनसम्मत कार्रवाई को ‘राजनीतिक बदला’ बताने का प्रयास कर रही है।”

 

भूपेश बघेल की संलिप्तता के प्रमाण – भाजपा का दावा

भाजपा नेताओं ने दस्तावेजों के हवाले से दावा किया कि भूपेश बघेल और कांग्रेस ने कोल ब्लॉक आवंटन में पर्यावरण नियमों की धज्जियां उड़ाईं।

23 जून 2011: केंद्र में कांग्रेस की सरकार रहते ही तारा परसा ईस्ट और कांटे बेसन कोल ब्लॉक को खोलने का प्रस्ताव।

16 अक्टूबर 2019: भूपेश सरकार ने पर्यावरण स्वीकृति के लिए सिफारिश भेजी।

31 मार्च 2021: ओपन कास्ट गारे पेलमा सेक्टर-2, मांड-रायगढ़ कोलफील्ड के लिए समझौता।

19 अप्रैल 2022: स्टेज-1 वन स्वीकृति के लिए सिफारिश।

23 जनवरी 2023: स्टेज-2 वन स्वीकृति के लिए सिफारिश।

देवांगन ने कहा कि “राजस्थान के तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मंत्री बीडी कल्ला ने भूपेश बघेल को कोयला ब्लॉक आबंटन के लिए कई पत्र लिखे। इसके बाद भूपेश सरकार ने महाजेंको कोल फील्ड की स्वीकृति भी दी। यह सब दस्तावेजों में दर्ज है।”

कांग्रेस पर गंभीर आरोप

देवांगन ने कहा, “कांग्रेस चोरी ऊपर से सीना जोरी का नया उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। जब कांग्रेस सत्ता में थी तब कोयला और पर्यावरण मंत्रालय ने हसदेव अरण्य को नो-गो जोन से गो एरिया घोषित किया। अब वही लोग प्रदूषण और पेड़ों की दुहाई दे रहे हैं।”

उन्होंने सवाल किया:

क्या कांग्रेस मनमोहन सिंह सरकार के समय लिए गए निर्णयों के लिए माफी मांगेगी?

क्या भूपेश बघेल अपनी कही बात पर अमल करेंगे और अपने घर व राजीव भवन की बिजली बंद करेंगे?

क्या कांग्रेस हर अपराधी के पक्ष में इसी तरह खड़ी रहेगी?

भाजपा का पलटवार

भाजपा ने कांग्रेस पर “झूठ की फैक्ट्री” चलाने का आरोप लगाया। देवांगन ने कहा, “कांग्रेस को जवाब देना होगा कि जिन अपराधियों के खिलाफ कानून कार्रवाई कर रहा है, उनके लिए कांग्रेस क्यों सड़क पर उतर रही है?”

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, नगर पालिका महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, पूर्व महापौर श्री जोगेश लांबा, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, नरेंद्र देवांगन, मीडिया प्रभारी मनोज मिश्रा, सह मीडिया प्रभारी पवन सिन्हा सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.