“बस्तर के विकास का संकल्प साकार कर रही साय सरकार: केदार कश्यप”




वनमंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर को दी 42 लाख की सौगात, कहा- कांग्रेस शासन में रुके विकास कार्य भाजपा सरकार में हो रहे गतिमान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा राहुल ****/ जगदलपुर/दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ शासन के वनमंत्री केदार कश्यप बस्तर प्रवास पर हैं और उन्होंने नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत रतेंगा, नवा रतेंगा, घोटिया और नारायणपाल में लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रमों के जरिए क्षेत्र को 42 लाख रुपए के निर्माण कार्यों की सौगात दी। इस दौरान व्यवसायिक परिसर, भवन निर्माण और पुल-पुलिया निर्माण जैसी विकास परियोजनाओं की शुरुआत की गई।
जनसभा को संबोधित करते हुए वनमंत्री ने कहा कि बस्तर के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सौगातें साय सरकार की बस्तर के लोगों के प्रति सकारात्मक दृष्टि को दर्शाती हैं।
“कांग्रेस ने बस्तर में विकास रोक दिया था, भाजपा ने फिर गति दी”
केदार कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में बस्तर की सड़कें बदहाल हो गई थीं। “पिछले पाँच वर्षों में कांग्रेस सरकार ने न तो कोई नई सड़क बनाई और न ही पुरानी सड़कों की मरम्मत की। परिणामस्वरूप क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा। लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद नारायणपुर-कोंडागांव मार्ग सहित अंतागढ़-नारायणपुर और ओरछा-नारायणपुर सड़क निर्माण को स्वीकृति दी गई और काम तेजी से जारी है।”
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में मिल रही नई सौगातें
वनमंत्री ने कहा कि भाजपा शासन में बस्तर में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में न कोई नया स्कूल खोला और न ही स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया। भाजपा सरकार ने 15 हजार प्रधानमंत्री आवास, 45 नए आंगनबाड़ी केंद्र, पीएससी भवन, नवीन स्वास्थ्य केंद्र और महतारी सदन की स्वीकृति दी है। ये सब बस्तरवासियों की सुविधा और कल्याण के लिए हैं।”
युवाओं के लिए रोजगार और उद्योग के नए अवसर
केदार कश्यप ने कहा कि सरकार स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास कार्यक्रम चला रही है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आत्मसमर्पित युवाओं को होटल मैनेजमेंट, फूड प्रोसेसिंग और डिजिटल मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर में स्थानीय व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए व्यवसायिक परिसरों का निर्माण किया जा रहा है।
सहकारिता से सामूहिक समृद्धि का रास्ता
वनमंत्री ने बताया कि साय सरकार ने बस्तर क्षेत्र के 6 जिलों में 325 परिवारों को 650 दुधारू पशु देने की योजना बनाई है। इसके अलावा मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, बकरी पालन और मशरूम उत्पादन को सहकारिता के माध्यम से बढ़ावा दिया जा रहा है। “यह योजनाएं आदिवासी समाज को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर हैं।”
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में किया वृक्षारोपण
नवा रतेंगा, घोटिया और नारायणपाल में “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम में सम्मिलित होकर मंत्री केदार कश्यप ने वृक्षारोपण किया। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का अनूठा उदाहरण है। “अभियान के दूसरे चरण में अब तक 1 करोड़ 7 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। भाजपा शासन में छत्तीसगढ़ ने संयुक्त वन एवं वृक्ष आवरण वृद्धि में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।”
कार्यक्रम में पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दिवान और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
