भाजपा कोसाबाड़ी मंडल की नई कार्यकारिणी घोषित, पुनीराम साहू बने महामंत्री, सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को दी गई बधाई




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के कोसाबाड़ी मंडल की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के निर्देश एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय की सहमति से भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने कार्यकारिणी की सूची जारी की।
घोषित कार्यकारिणी में डॉ. राजेश राठौर को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पुनीराम साहू और मिलाप बरेठ को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुनीराम साहू की नियुक्ति को कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने वाला तथा मंडल के लिए प्रेरक कदम बताया है। उनके अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार हुआ है।
अन्य पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष पद पर श्री श्रीधर द्विवेदी, श्रीमती मीरा सोनी, श्रीमती सरिता कौशिक और श्री प्यारे साहू को शामिल किया गया है। मंत्री के रूप में श्री गोपलाल राठिया, श्री शक्ति दास, श्रीमती सरस्वती पटेल और श्रीमती राजमोहिनी भगत को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कोषाध्यक्ष का दायित्व श्री अनिल वस्त्रकर को सौंपा गया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी से कोसाबाड़ी मंडल में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी। उन्होंने विशेष रूप से पुनीराम साहू को महामंत्री बनाए जाने पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनका कार्यक्षेत्र में अनुभव एवं संगठनात्मक दृष्टिकोण मंडल को मजबूती प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” इन सभी पदाधिकारियों के कार्यकाल में साकार रूप लेगा। जिला अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी मिलकर आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए पार्टी को और अधिक मजबूत करेंगे।
घोषणा के बाद से ही कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर देखी जा रही है। नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर और महामंत्री पुनीराम साहू समेत सभी पदाधिकारियों को भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शुभकामनाएं एवं बधाई संदेश प्रेषित किए हैं।


