सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति का गुरु पूर्णिमा महोत्सव 10 जुलाई को, पं. देवशरण दुबे के सानिध्य में होगा आयोजन
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ बिलासपुर। सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति द्वारा गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन 10 जुलाई 2025 गुरुवार को किया जा रहा है। यह आयोजन समिति के संस्थापक एवं शिव महापुराण, श्रीमद्भागवत तथा श्रीराम कथा के मर्मज्ञ परम पूज्य गुरुदेव पंडित देवशरण दुबे जी के पावन सानिध्य में छठ घाट सांस्कृतिक भवन, राजकिशोर नगर, बिलासपुर में प्रात: 9 बजे से प्रारंभ होगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, प्रात: 9 बजे बाल भोग द्वारा गुरु पूजन महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। इसके पश्चात प्रात: 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक गुरुवाणी एवं गुरुदीक्षा का आयोजन होगा, जिसमें पूज्य गुरुदेव पं. देवशरण दुबे जी अपनी अमृतमयी वाणी से उपस्थित श्रद्धालुओं को सदुपदेश एवं आशीर्वचन प्रदान करेंगे। इसके उपरांत चरण पादुका पूजन एवं गुरु पूजन संपन्न होगा।
कार्यक्रम के अगले चरण में गुरु मिलन वार्ता तथा परिचय सम्मेलन रखा गया है। समापन के अवसर पर सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण होगा। समिति के जिला कोरबा शाखा प्रभारी डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने समस्त अंचलवासियों, गुरु भाई-बहनों, सत्संग प्रेमियों एवं धर्मावलंबियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है।







