मैनपाट में भाजपा का 3 दिवसीय सांसद-विधायक प्रशिक्षण वर्ग प्रारंभ, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया उद्घाटन, दिए मार्गदर्शन के मंत्र





त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ मैनपाट (सरगुजा), 07 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुरम, मैनपाट में आयोजित भाजपा के 3 दिवसीय सांसद-विधायक प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बायोडायवर्सिटी उद्यान में रूद्राक्ष, आम, सिंदूर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस अभियान में उनके साथ भाजपा के सांसद, विधायक, मंत्री और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी सहभागिता निभाई।

प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों और विधायकों को संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सशक्तिकरण और जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के गुर सिखाए। उन्होंने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी एक राजनैतिक दल भर नहीं है, बल्कि यह विचारधारा, आदर्शों और सेवा का एक आंदोलन है। यह प्रशिक्षण हमारे नेतृत्व को तैयार करने, संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के प्रति संकल्पित करने का अवसर है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की डबल इंजन वाली सरकार की उपलब्धियों को छत्तीसगढ़ के हर गांव-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। श्री नड्डा ने विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यपरक जवाब देने और बूथ स्तर तक भाजपा की पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर जोर दिया।
उद्घाटन समारोह में मौजूद प्रमुख नेता:
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री किरण सिंहदेव
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिव प्रकाश
प्रदेश प्रभारी श्री नितिन नबीन
राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री वी. सतीश
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल
प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन साय
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा
भाजपा के सभी सांसद, विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारीगण
प्रशिक्षण वर्ग का प्रथम दिवस:
कार्यक्रम की प्रस्तावना भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंहदेव ने रखी। पहले दिन तीन सत्रों में विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इन सत्रों में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिव प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन साय ने सांसदों, विधायकों व मंत्रियों को संगठन की विचारधारा, जनसेवा, प्रबंधन कौशल और नेतृत्व विकास के विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

श्री नड्डा ने विशेष रूप से कहा कि “यह प्रशिक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार और संगठन के प्रति नई चेतना का संचार है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी के संकल्पों को लेकर समाज में सक्रिय भूमिका निभाए।”


अगले दो दिन के प्रशिक्षण सत्रों का फोकस:
आगामी दिनों में भी सांसदों और विधायकों को पार्टी की विचारधारा, चुनावी रणनीति, सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग, और “बूथ जीतो चुनाव जीतो” अभियान पर प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाएगी।


