भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत किया वृक्षारोपण, सांसद-विधायक प्रशिक्षण वर्ग का किया भव्य उद्घाटन




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कमलेश्वरपुर (सरगुजा), 07 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने आज छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर में आयोजित भाजपा के सांसदों एवं विधायकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया।

प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी श्री नितिन नबीन, राष्ट्रीय संगठक श्री वी. सतीश, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन साय, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव और श्री विजय शर्मा सहित प्रदेश भाजपा के सभी सांसद, विधायक एवं वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

अपने उद्बोधन में श्री नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि विचारधारा, सिद्धांत और सेवा का समर्पित आंदोलन है। उन्होंने उपस्थित सांसदों और विधायकों को संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क और आगामी चुनावों के लिए विशेष रणनीति पर मार्गदर्शन दिया। श्री नड्डा ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने विकास के नए प्रतिमान गढ़े हैं, जिन्हें गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि यह नेतृत्व निर्माण और कार्यकर्ताओं के वैचारिक सशक्तिकरण का मंच है। उन्होंने सांसदों और विधायकों से केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक जनता तक पहुंचाने तथा विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यात्मक और प्रभावी तरीके से जवाब देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पार्टी की विचारधारा, संगठन की भूमिका और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी पर विशेष सत्र आयोजित हुए। इसके साथ ही बूथ सशक्तिकरण, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और आगामी कार्ययोजनाओं पर गहन चर्चा की गई।
श्री नड्डा ने छत्तीसगढ़ भाजपा को एकजुट होकर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की रफ्तार तेज करने और 2028 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से तैयारी शुरू करने का संदेश दिया।


