पाली में विकास कार्यों का नया अध्याय: रविवार को लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह में पहुंचेंगे उपमुख्यमंत्री अरुण साव, जनता को मिलेगी बड़ी सौगात




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ पाली (कोरबा)। नगर में विकास की रफ्तार को नई उड़ान देने के लिए रविवार 6 जुलाई को पाली के मंगल भवन में भव्य लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह का आयोजन होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 15 में एसटीपी निर्माण, नगर के विभिन्न वार्डों में बीटी रोड निर्माण और विद्युत पोल विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक आयोजन के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा जिला प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, विधायक पाली तानाखार श्री तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम पाली, विधायक श्री प्रेमचंद पटेल कटघोरा, श्री अजय जायसवाल अध्यक्ष नगर पंचायत पाली और उपाध्यक्ष श्री लखन लाल प्रजापति शिरकत करेंगे।
नगर पालिका के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्यक्रम रविवार सुबह 9:00 बजे से मंगल भवन, पाली में शुरू होगा। उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के आगमन को लेकर नगर में विशेष उत्साह का माहौल है। जनता और जनप्रतिनिधियों में विकास कार्यों को लेकर काफी उम्मीदें हैं।
नगर पालिका ने सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से समय पर उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर को गरिमामयी बनाने की अपील की है। कार्यक्रम में नगरवासियों को विकास की दिशा में कई बड़ी सौगातें मिलने जा रही हैं, जो आने वाले समय में पाली नगर के स्वरूप को पूरी तरह बदल देंगी।


