पाली में विकास कार्यों का नया अध्याय: उपमुख्यमंत्री अरुण साव और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव की विशेष उपस्थिति, जनता को मिलेंगी बड़ी सौगातें




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ पाली (कोरबा)। कोरबा जिले के पाली नगर में रविवार, 6 जुलाई को विकास के एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। नगर के मंगल भवन में भव्य लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह का आयोजन किया गया है, जिसमें नगर के विभिन्न वार्डों में होने वाले बीटी रोड निर्माण, एसटीपी निर्माण और विद्युत पोल विस्तार सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ और लोकार्पण किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन करेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, पाली-तानाखार विधायक श्री तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष श्री अजय जायसवाल और उपाध्यक्ष श्री लखन लाल प्रजापति शामिल होंगे।
नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम का आयोजन रविवार सुबह 11:00 बजे से मंगल भवन, पाली में होगा। उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के आगमन को लेकर नगर में विशेष उत्साह का वातावरण है। नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्सुकता और उम्मीदें हैं।
इसी दिन भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री किरण सिंहदेव का भी कोरबा जिले में अल्प प्रवास रहेगा। श्री सिंहदेव रायपुर से प्रातः 10:30 बजे प्रस्थान कर दोपहर 1:00 बजे पाली पहुंचेंगे। वे यहां वन विभाग के पाली स्थित विश्राम गृह में दोपहर 2:30 बजे तक ठहरेंगे और पार्टी पदाधिकारियों से भेंट करेंगे। इसके पश्चात वे कमलेश्वरपुर (रोपाखार), मैनपाट, जिला सरगुजा के लिए प्रस्थान करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचकर इस ऐतिहासिक अवसर को गरिमामयी बनाने की अपील की है।
नगरवासियों को इस दिन विकास की दिशा में कई बड़ी सौगातें मिलने जा रही हैं, जो पाली नगर के भविष्य को एक नई पहचान दिलाएंगी।
