March 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में नशे के खिलाफ सख्ती: अवैध मादक पदार्थ बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, दुकानों के लाइसेंस होंगे रद्द

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/   कोरबा। जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। इस संबंध में कलेक्टर अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में नारकोटिक्स को-आर्डिनेशन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिले में मादक पदार्थों की उपलब्धता, उपयोग और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार छापामार कार्रवाई की जाए और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू, सिगरेट और अन्य मादक उत्पादों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित होनी चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि राजस्व, पुलिस, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत खाद्य एवं औषधि प्रशासन मिलकर समन्वित अभियान चलाएं। सभी मेडिकल दुकानों में अंदर और बाहर कम से कम दो सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके।

कलेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी दुकान में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पाई गई, तो उसका गुमास्ता लाइसेंस तत्काल रद्द कर दुकान को सील कर दिया जाएगा। ड्रग इंस्पेक्टर और संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों और नशीली दवाओं की तस्करी रोकने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और आने वाले दिनों में निगरानी को और अधिक सख्त किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।

बैठक में सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, एडिशनल एसपी, अपर कलेक्टर मनोज कुमार बंजारे, सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, थाना प्रभारी और संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.